अगर भारत में बिकने वाली सबसे पावरफुल इलेक्ट्रिक स्कूटर की बात करें, तो BMW CE 04 इस समय सबसे आगे खड़ी नजर आती है. इसके 42hp की पावर, 62Nm टॉर्क और 120 km/h की टॉप स्पीड के सामने फिलहाल इंडियन मार्केट की कोई दूसरी इलेक्ट्रिक स्कूटर टिकती हुई नहीं दिखती. दिलचस्प बात यह है कि आज भारत में बिक रही ज्यादातर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स, चाहे वह Ola Electric, Ather Energy या TVS Motor Company की हों, उनकी पावर 10hp से भी कम रहती है. ऐसे में BMW CE 04 सीधे तौर पर किसी स्कूटर से नहीं, बल्कि एक अलग ही लीग में खेल रही है. आइए डिटेल में देखते हैं और क्या खास हमें इस स्कूटर में देखने को मिलता है.
BMW CE 04: परफॉरमेंस और बैटरी
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसकी जबरदस्त परफॉर्मेंस है. इसका मोटर सिर्फ 1,500rpm पर ही 62Nm का टॉर्क जनरेट कर देता है. आसान शब्दों में कहें तो जैसे ही आप थ्रॉटल घुमाते हैं, स्कूटर तुरंत पिकअप देने लगता है. आपको तेज एक्सेलरेशन के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता. पावर की बात करें तो इसका पीक पावर 4,900rpm पर मिलता है. वहीं इसकी टॉप स्पीड 120kmph है. ज्यादातर इलेक्ट्रिक स्कूटर जहां शहर के भीतर 80kmph तक की स्पीड के लिए बनाए जाते हैं, वहीं यह उससे कहीं आगे की सोच के साथ तैयार किया गया है.
यह भी पढ़ें: फोन में मैप देखने की जरूरत नहीं, ये 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर आते हैं इनबिल्ट नेविगेशन के साथ
स्कूटर में 8.9kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 130km तक की दावा की गई रेंज देती है. स्टैंडर्ड 2.3kW AC ऑनबोर्ड चार्जर से इसे पूरी तरह चार्ज होने में लगभग 4 घंटे 20 मिनट का समय लगता है. फास्ट चार्जिंग का ऑप्शन भी मौजूद है, लेकिन यह स्टैंडर्ड पैकेज का हिस्सा नहीं है. यानी अगर आप फास्ट चार्जिंग चाहते हैं, तो इसके लिए अलग से खर्च करना पड़ेगा.
BMW CE 04: सस्पेंशन, ब्रेकिंग और वजन
इस मैक्सी-स्कूटर में आगे 99mm ट्रैवल वाला टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे 91mm ट्रैवल वाला रियर स्ट्रट मिलता है. यानी शहर की खराब सड़कों और छोटे-मोटे गड्ढों को यह काफी आराम से संभाल सकता है. ब्रेकिंग के लिए इसमें आगे 265mm के डुअल डिस्क ब्रेक्स चार-पिस्टन कैलिपर्स के साथ दिए गए हैं. वहीं पीछे 265mm का सिंगल डिस्क ब्रेक मिलता है. साथ ही दोनों पहियों पर ABS भी मौजूद है. इस स्कूटर का सबसे बड़ा ध्यान खींचने वाला आंकड़ा इसका 231 kg का कर्ब वेट है. यह वजन कई 650cc बाइकों से भी ज्यादा है.
BMW CE 04: फीचर्स
इसमें 10.25-इंच का बड़ा TFT डिस्प्ले, कीलेस स्टार्ट, बिल्ट-इन नेविगेशन, TPMS (टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम), स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, अलग-अलग राइड मोड्स और एंटी-थेफ्ट अलार्म जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके सीट के नीचे स्टोरेज भी दिया गया है, लेकिन बैटरी पैक की वजह से उसमें सामान रखने की जगह थोड़ी लिमिटेड हो जाती है.
BMW CE 04: कीमत
कीमत की बात करें तो BMW CE 04 की एक्स-शोरूम कीमत 15.25 लाख रुपये है. दिलचस्प बात यह है कि भारतीय बाजार में इसका कोई सीधा मुकाबला मौजूद ही नहीं है. जहां Ather 450X और Ola S1 Pro जैसी पॉपुलर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स 1.50 लाख रुपये से कम कीमत में आती हैं और 10hp से भी कम पावर देती हैं, वहीं BMW CE 04 बिल्कुल अलग ही लीग में है.
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदते वक्त नहीं पड़ेगा जेब पर बोझ, BaaS स्कीम के साथ आते हैं टॉप 5 ऑप्शन
