भारतीय बाइक बाजार तेजी से बदल रहा है. जहां एक समय मैनुअल गियर वाली मोटरसाइकिलों का दबदबा था, वहीं अब ऑटोमैटिक और क्लच-फ्री बाइकें भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं. खासकर शहरों में भारी ट्रैफिक, लंबी डेली कम्यूट और आसान राइडिंग एक्सपीरियंस की वजह से ऑटोमैटिक बाइक्स की डिमांड बढ़ रही है. अब सिर्फ स्कूटर ही नहीं, बल्कि हाई-परफॉर्मेंस पेट्रोल और इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें भी बिना गियर शिफ्ट किए दमदार राइडिंग का अनुभव दे रही हैं. दिलचस्प बात यह है कि इन बाइक्स में टेक्नोलॉजी, आराम और परफॉर्मेंस का ऐसा कॉम्बिनेशन मिलता है, जो लंबे सफर को भी बेहद आसान बना देता है.
Honda Africa Twin: एडवेंचर राइडिंग का ऑटोमैटिक किंग
अगर एडवेंचर टूरिंग पसंद है और बार-बार क्लच दबाना नहीं चाहते, तो होंडा अफ्रीका ट्विन शानदार विकल्प बन सकती है. इस बाइक में ड्यूल क्लच ट्रांसमिशन यानी DCT टेक्नोलॉजी मिलती है, जो खुद ही गियर बदलती है. यही वजह है कि खराब रास्तों और ऑफ-रोडिंग के दौरान राइडर को ज्यादा कंट्रोल और आराम मिलता है.
करीब 250 किलोग्राम वजनी होने के बावजूद यह बाइक शहर और हाईवे दोनों जगह काफी स्मूद महसूस होती है. कई ऑफ-रोड राइडर्स का मानना है कि DCT सिस्टम की वजह से कठिन पहाड़ी रास्तों पर बाइक संभालना काफी आसान हो जाता है.
Honda Goldwing: दो पहियों पर चलता लग्जरी सोफा
होंडा गोल्डविंग दुनिया की सबसे लग्जरी टूरिंग बाइक्स में गिनी जाती है. इसकी सबसे खास बात इसका 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स है, जो लंबी दूरी की राइड को बेहद आरामदायक बना देता है. बाइक में स्पोर्ट, टूर, इकॉनमी और रेन जैसे कई राइडिंग मोड मिलते हैं.
गोल्डविंग का ऑटोमैटिक सिस्टम राइडिंग स्टाइल के हिसाब से खुद ही गियर बदलता है. यही कारण है कि यह बाइक लंबे हाईवे सफर में थकान काफी कम कर देती है. जरूरत पड़ने पर राइडर मैनुअल मोड में जाकर हैंडलबार स्विच से गियर भी बदल सकता है.
Revolt RV400: सस्ती इलेक्ट्रिक ऑटोमैटिक बाइक
अगर बजट कम है और पेट्रोल खर्च बचाना चाहते हैं, तो रिवोल्ट RV400 एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है. यह इलेक्ट्रिक बाइक पूरी तरह ऑटोमैटिक है, यानी क्लच और गियर बदलने का झंझट नहीं.
इस बाइक में अच्छी रेंज, आरामदायक सीट और शहर के हिसाब से पर्याप्त परफॉर्मेंस मिलती है. खास बात यह है कि लंबे समय बाद बाइक चलाने वाले लोग भी इसे आसानी से चला सकते हैं. बस एक्सेलरेटर घुमाइए और बाइक चल पड़ती है.
Ola Roadster: कम कीमत में हाईटेक बाइक
ओला रोडस्टर एक्स को कंपनी ने युवा राइडर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है. इसका फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और इलेक्ट्रिक सेटअप इसे अलग पहचान देता है. कंपनी के मुताबिक बेस मॉडल भी लगभग 252 किलोमीटर IDC रेंज देने में सक्षम है.
इस बाइक की कीमत कई पेट्रोल बाइक्स से कम रखी गई है, जबकि ऑपरेटिंग कॉस्ट भी बेहद कम है. पेट्रोल खर्च नहीं होने और मेंटेनेंस कम होने की वजह से यह डेली कम्यूट के लिए किफायती विकल्प बन सकती है.
Ultraviolette F77: स्पोर्टी इलेक्ट्रिक बाइक का नया अंदाज
अगर तेज रफ्तार और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन पसंद है, तो Ultraviolette F77 सबसे दमदार विकल्पों में शामिल है. यह इलेक्ट्रिक बाइक बिना किसी गियर शिफ्ट के लगातार स्मूद एक्सीलरेशन देती है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस काफी रोमांचक महसूस होती है.
इसका परफॉर्मेंस लेवल 250-300cc पेट्रोल बाइक जैसा माना जाता है. बाइक में कई एडवांस फीचर्स, प्रीमियम डिजाइन और लंबी रेंज मिलती है. यही वजह है कि यह भारत की सबसे चर्चित परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक बाइक्स में शामिल हो चुकी है.
क्यों बढ़ रही है ऑटोमैटिक बाइक्स की लोकप्रियता?
भारत में ट्रैफिक तेजी से बढ़ रहा है और रोजाना क्लच-गियर बदलते रहना थकाने वाला काम बनता जा रहा है. ऐसे में ऑटोमैटिक बाइकें आरामदायक विकल्प के रूप में सामने आ रही हैं. इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों ने इस टेक्नोलॉजी को और ज्यादा लोकप्रिय बना दिया है.
विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले वर्षों में भारत में ऑटोमैटिक और स्मार्ट मोटरसाइकिलों का बाजार तेजी से बढ़ सकता है. खासकर शहरों में रहने वाले युवा और लंबी दूरी तय करने वाले राइडर्स इन बाइक्स की तरफ ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें: लेह-लद्दाख ट्रिप के लिए ₹3 लाख से सस्ती 5 शानदार बाइक्स, हर रास्ते पर दमदार
