Kinetic ने पिछले साल अपनी आइकॉनिक स्कूटर का इलेक्ट्रिक वर्जन मार्केट में लॉन्च किया था. धीरे-धीरे ब्रांड ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने डीलरशिप नेटवर्क को भी बढ़ाना शुरू किया. अब जब इसकी डिलीवरी शुरू हो चुकी है, तो सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई वीडियो सामने आ रहे हैं. ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स के पास Kinetic का 40 साल पुराना 2-स्ट्रोक स्कूटर है, और अब उसने उसी की नई इलेक्ट्रिक वर्जन Kinetic DX+ EV भी खरीद ली है.
Kinetic DX+ EV की वीडियो हो रही वायरल
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पेज walkingviolinistlifestyle पर शेयर किया गया है. वीडियो में दिख रहा यह स्कूटर साउथ इंडिया में किसी ग्राहक को डिलीवर किया गया पहला यूनिट बताया जा रहा है. इसके मालिक कर्नाटक के रहने वाले हैं. वीडियो को बेंगलुरु के मशहूर Vidhan Soudha के सामने शूट किया गया है. पूरे वीडियो में स्कूटर की खूबसूरती को बेहद शानदार तरीके से दिखाया गया है. खास बात यह है कि मालिक का कहना है कि इसका डिजाइन बिल्कुल पुराने क्लासिक स्कूटर जैसा फील देता है.
Kinetic DX+ EV: डिजाइन
नई Kinetic DX+ को देखते ही पुराने दौर वाली Kinetic scooter की याद ताजा हो जाती है. कंपनी ने इसमें मॉडर्न टच के साथ वही क्लासिक फील रखने की कोशिश की है. स्कूटर में ऑल-मेटल बॉडी दी गई है. इसका डिजाइन रेट्रो और मॉडर्न स्टाइलिंग का शानदार मिक्स लगता है. फ्रंट में कर्व्ड एजेस वाला LED हेडलैम्प दिया गया है. वहीं एरो-शेप्ड इंडिकेटर्स इसका लुक और भी यूनिक बना देते हैं. ऊपर छोटा सा फ्लाईस्क्रीन मिलता है, जिस पर चमकता हुआ Kinetic ब्रांडिंग दिया गया है. खास बात ये है कि एप्रन पर लगा कंपनी का लोगो ही DRL की तरह काम करता है.
स्कूटर का फ्रंट मडगार्ड और साइड पैनल्स पर दिए गए एयर वेंट्स पुराने Kinetic स्कूटर से इंस्पायर्ड हैं. इसलिए इसमें नॉस्टेल्जिया वाली फीलिंग साफ नजर आती है. हालांकि पीछे की तरफ स्लीक नए टेल लैंप्स दिए गए हैं, जो इसे मॉडर्न लुक देते हैं. सीट भी काफी चौड़ी और फ्लैट डिजाइन में रखी गई है.
यह भी पढ़ें: भारतीयों के दिलों पर क्यों राज करती हैं Royal Enfield की बाइक्स, जानिए 6 बड़ी वजहें
Kinetic DX+ EV: फीचर्स और प्रैक्टिकलिटी
स्कूटर का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर अब एनालॉग मीटर की जगह मॉडर्न मोनोक्रोम डिजिटल डिस्प्ले में आता है. इसका स्विचगियर भी पुराने Kinetic स्कूटर से इंस्पायर्ड लगता है, जिससे इसमें एक रेट्रो फील आती है. खास बात ये है कि स्कूटर में लॉक और अनलॉक करने के लिए फिजिकल कीपैड भी मिलता है.
चूंकि यह एक इलेक्ट्रिक स्कूटर है, इसलिए कंपनी इसमें इंटीग्रेटेड चार्जर दे रही है, जिसे सीधे 16 AMP के सॉकेट में लगाकर चार्ज किया जा सकता है. रोजमर्रा के इस्तेमाल को आसान बनाने के लिए इसमें 37 लीटर का बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज दिया गया है. सीट के नीचे USB फोन चार्जर भी मिलता है. वहीं, 12-इंच के अलॉय व्हील्स भी इसमें दी गई है.
Kinetic DX+ EV: राइडिंग मोड्स और परफॉर्मेंस
नई Kinetic DX+ में आपको Range, Power और Turbo मोड्स मिलते हैं. इसमें स्कूटर की स्पीड 50 किमी/घंटा तक सीमित रहती है, ताकि बैटरी ज्यादा चले. वहीं Power मोड में स्कूटर थोड़ा ज्यादा दम दिखाता है और इसकी टॉप स्पीड 70 किमी/घंटा तक पहुंच जाती है. वहीं Turbo मोड को ऑन करते ही स्कूटर 90 किमी/घंटा की टॉप स्पीड पकड़ सकता है.
इसमें क्रूज कंट्रोल और रिवर्स मोड जैसे फीचर्स दिए गए हैं. स्कूटर में 2.6 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जिसे लेकर कंपनी दावा करती है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर 105 km तक की रेंज दे सकता है.
Kinetic EV की कीमत
Kinetic ने इस ई-स्कूटर को दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया है. इसका DX वेरिएंट 1.11 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर आता है, जबकि ज्यादा फीचर्स वाला DX+ वेरिएंट 1.17 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें: लॉन्च से पहले Bajaj Qute EV की झलक देखने को मिली, वायरल वीडियो में सामने आए कई फीचर्स
