Car Care Tips During Heatwave: गर्मी ने इस बार लोगों के साथ-साथ गाड़ियों की भी हालत खराब कर रखी है. धूप इतनी तेज है कि कुछ देर बाहर खड़ी कार में बैठना भी किसी भट्टी में जाने जैसा लगता है. लेकिन ये सिर्फ आपके लिए ही मुश्किल नहीं है, आपकी कार भी इस झुलसा देने वाली गर्मी का असर झेलती है. लगातार तेज धूप और हाई टेम्परेचर इंजन, टायर, बैटरी, पेंट और यहां तक कि कार के इंटीरियर को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं.
अगर आप चाहते हैं कि आपकी कार इस हीटवेव में भी बिना किसी दिक्कत के स्मूद और बढ़िया से चले, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. नीचे हमने आसान लेकिन बेहद काम के टिप्स बताएं हैं, जो आपकी कार को गर्मी में फिट और सेफ रखने में मदद करेंगे. आइए जानते हैं.
इंजन के टेम्परेचर से जुड़े वॉर्निंग साइन को इग्नोर न करें
हीटवेव कार के कूलिंग सिस्टम पर काफी ज्यादा दबाव डालती है. खासकर ट्रैफिक में धीरे-धीरे चलने के दौरान कार का इंजन जल्दी गर्म होने लगता है. इसलिए ड्राइव करते समय टेम्परेचर गेज पर नजर बनाए रखना बहुत जरूरी है. अगर आपको लगे कि इंजन ओवरहीट हो रहा है, तो तुरंत किसी सेफ जगह पर गाड़ी रोक दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें. साथ ही, समय-समय पर कूलेंट लेवल चेक करते रहे, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही आगे चलकर इंजन पर भारी खर्च करा सकती है.
केबिन को गर्मी और धूप से सेफ रखें
थोड़ी देर धूप में खड़ी रहने पर भी कार के अंदर का टेम्परेचर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है. ऐसे में कार का केबिन ठंडा रखने के लिए आप विंडशील्ड सनशेड लगा सकते हैं, खिड़कियां थोड़ा सा खोलकर रख सकते हैं ताकि हवा आती-जाती रहे, और जहां मौका मिले वहां कार को छांव या कवर वाली जगह पर पार्क करें. ऐसा करने से लंबे समय तक आपकी कार की लेदर सीट्स, डैशबोर्ड, टचस्क्रीन और स्टीयरिंग व्हील भी खराब होने से बचे रहते हैं.
यह भी पढ़ें: शहर में कार ज्यादा पेट्रोल पीती है, लेकिन हाईवे पर क्यों कम? जानिए असली वजह
पेंट और बैटरी को प्रोटेक्ट करें
लगातार तेज गर्मी में रहने से कार की पेंट की चमक फीकी पड़ने लगती है और बैटरी पर भी असर पड़ता है. इसलिए समय-समय पर कार को धोते रहे, ताकि धूल-मिट्टी और गंदगी हट जाए, क्योंकि यही चीजें गर्मी से होने वाले नुकसान को और बढ़ा देती हैं. साथ ही बीच-बीच में वैक्स करवाएं. इससे कार की बॉडी पर एक सेफ्टी लेयर बन जाती है, जो तेज धूप और UV किरणों से बचाती है.
टायर्स को रेगुलर चेक करें
गर्मियों में सड़कें इतनी ज्यादा तप जाती हैं कि इसका सीधा असर कार के टायर्स पर पड़ता है. ऐसे में टायर जल्दी घिस सकते हैं. इसलिए समय-समय पर यह जरूर चेक करें कि टायर ज्यादा हवा से फूले हुए तो नहीं हैं या फिर कहीं से घिस तो नहीं गए. कई लोग गर्मी में टायर में नाइट्रोजन भरवाना पसंद करते हैं, क्योंकि यह नॉर्मल हवा की तुलना में टेम्परेचर बदलने पर कम फैलती और सिकुड़ती है.
विंडशील्ड वाइपर को उठाकर रखें
अगर कार धूप में खड़ी है तो वाइपर को शीशे से उठाकर रखना भी फायदेमंद रहता है. तेज गर्मी में वाइपर का रबर जल्दी खराब या पिघल सकता है. वाइपर उठाकर रखने से वे शीशे से चिपकते नहीं हैं, उनमें क्रैक नहीं पड़ते और उनकी सफाई करने की क्षमता भी बनी रहती है.
यह भी पढ़ें: कार पर लग गया स्क्रैच या डेंट? गैराज जाने से पहले अपनाएं ये ट्रिक्स, बचेंगे हजारों रुपये
