सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट.
Saharsa Jan Samvad: सहरसा में जिला प्रशासन की पहल “सबका सम्मान, जीवन आसान” के तहत शुक्रवार को जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 47 मामलों की सुनवाई की गई. इस दौरान आम लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे डीएम के समक्ष रखीं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
जनसंवाद में सुनी गई आम लोगों की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें और आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए. भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, नियुक्ति संबंधी शिकायतों और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई मामले सुनवाई के लिए पहुंचे.
जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया.
दाखिल-खारिज और भूमि विवाद के मामलों पर विशेष ध्यान
सुनवाई के दौरान नवहट्टा निवासी प्रमोद झा ने ऑनलाइन दाखिल-खारिज से जुड़ी समस्या उठाई. मामले के त्वरित निष्पादन के लिए अंचलाधिकारी नवहट्टा को आवश्यक निर्देश दिए गए.
वहीं बैजनाथपुर निवासी लालो देवी ने निजी भूमि पर निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई. इस मामले की जांच और समाधान के लिए डीसीएलआर सदर को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
सेविका नियुक्ति और अनुकंपा बहाली की शिकायत भी पहुंची
जनसंवाद कार्यक्रम में सत्तरकटैया निवासी जयकिशोर कुमार ने फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर सेविका नियुक्ति किए जाने की शिकायत की. मामले की जांच के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस को अधिकृत किया गया.
इसी तरह सहरसा निवासी सावन कुमार ने अनुकंपा के आधार पर गृह रक्षक पद पर बहाली से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया. जिलाधिकारी ने इस मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक गृह रक्षक को निर्देशित किया.
समयबद्ध कार्रवाई पर डीएम का जोर
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें.
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता विभागीय जांच गणेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
Also Read: राबड़ी देवी के बाद तेजस्वी यादव ने भी हटाई अपनी सुरक्षा, RJD नेता बोले- एक खरोंच भी आई तो…
