हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक मौका

Hajj 2027 Application : हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 20 जुलाई 2026 तक आवेदन का मौका दिया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट 

Hajj 2027 Application : भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अधीन हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. योग्य और इच्छुक हज यात्री आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल एप्लीकेशन “हज सुविधा” के माध्यम से अपना आवेदन दर्ज कर सकते हैं. आवेदन करने की प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी. निर्धारित समय-सीमा के बाद किसी भी परिस्थिति में तिथि का विस्तार नहीं किया जाएगा. जमशेदपुर शहर के धातकीडीह मदरसा फैजुल उलूम हज कमेटी के मास्टर ट्रेनर हाजी युसूफ ने बताया कि कार्यालय में हज तरबियती सेंटर की स्थापना कर दी गई है. वहां लोगों को हज यात्रा संबंधी जानकारियां प्रदान की जा रही हैं.  

जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगी कुर्रा (लॉटरी) प्रक्रिया

हज कमेटी के अनुसार, आवेदनों की छंटनी के बाद जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन यानी ‘कुर्रा’ प्रक्रिया आयोजित की जाएगी. इसमें अस्थायी रूप से चयनित होने वाले प्रत्येक हज यात्री को अग्रिम राशि के रूप में 1,52,300 जमा करने होंगे. यह राशि 10 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी.

इन दस्तावेजों को अपलोड करना होगा अनिवार्य

आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही फॉर्म भरें. आवेदन के समय मशीन-पठनीय भारतीय अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट (जो कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक वैध हो), नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो (5-20 केबी), बैंक पासबुक या निरस्त चेक (80-250 केबी) और पते का प्रमाण पत्र स्कैन कर अपलोड करना अनिवार्य है. फोटोकॉपी या सामान्य तस्वीरें स्वीकार्य नहीं होंगी.

सीट निरस्त करने पर लगेगा जुर्माना

हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीइओ) शाहनवाज सी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, हज सीट का निरस्तीकरण करने पर हज-2027 के नियमों के तहत दंड लगाया जाएगा. इसलिए यात्री अपनी पूरी तैयारी और दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करें.

यह भी पढ़ें: पलामू के गिरिवर प्लस टू हाई स्कूल के शिक्षक पर छात्रों से 10,000 की वसूली का आरोप, डीसी ने दिया कार्रवाई का निर्देश

यह भी पढ़ें: गुमला के 18 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी, उपायुक्त की समीक्षा बैठक में कई अहम फैसले

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >