Trump Hagseth Controversy : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के बीच हथियारों के घटते भंडार को लेकर टकराव की खबरों को व्हाइट हाउस और पेंटागन ने फेक बताया है. दोनों संस्तानों ने कहा कि इस तरह की रिपोर्ट पूरी तरह झूठी है और राष्ट्रपति को अपने रक्षा मंत्री (युद्ध मंत्री) पर पूरा भरोसा है.
पेंटागन ने कहा- काल्पनिक रिपोर्ट
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने इन दावों को 100 फीसदी फेक न्यूज करार दिया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को पीट हेगसेथ पर पूरा विश्वास है. वहीं पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी रिपोर्ट को काल्पनिक बताते हुए कहा कि हेगसेथ ने न तो राष्ट्रपति को गुमराह किया और न ही किसी अधिकारी पर जिम्मेदारी डालने की कोशिश की.
Also read : कोच्चि जा रही फ्लाइट में यात्री ने की इमरजेंसी डोर खोलने की कोशिश, अन्य यात्रियों को भी धमकाया
रिपोर्ट में क्या किया गया था दावा?
द वॉशिंगटन पोस्ट ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि कैंप डेविड में हुई एक बैठक के दौरान ट्रंप ने अमेरिका के एयर डिफेंस इंटरसेप्टर और लंबी दूरी की मिसाइलों जैसे महत्वपूर्ण हथियारों के घटते भंडार पर हेगसेथ से सवाल किए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप इस बात से नाराज थे कि जिन समस्याओं के समाधान की उम्मीद थी, वे अब भी बने हुए हैं.
हथियारों की कमी और विदेश नीति पर असर का दावा
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि हथियारों के सीमित भंडार का असर अमेरिकी विदेश नीति पर पड़ा है. इसी वजह से ट्रंप ने ईरान पर बड़े सैन्य हमलों को मंजूरी देने के बजाय कूटनीतिक बातचीत का रास्ता चुना. रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया में मिसाइलों के व्यापक इस्तेमाल के बाद अमेरिका अपने हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सतर्क है, जिसका असर यूक्रेन जैसे सहयोगी देशों को सैन्य सहायता पर भी पड़ सकता है.
Also read : असम में 8,970 करोड़ रुपये की हाईवे परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी, नॉर्थ-ईस्ट की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
हालांकि, व्हाइट हाउस और पेंटागन ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए कहा है कि अमेरिका के हथियार भंडार को लेकर किसी तरह की आधिकारिक चिंता नहीं है.
