US Apache A-10 Warthog: अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खतरनाक अपाचे (Apache) हेलीकॉप्टर और ए-10 वॉर्थोग्स (A-10 Warthog) विमान को मैदान में उतार दिया है. इसका मतलब साफ है कि अब अमेरिका ऊंची उड़ान वाले हमलों के बजाय नीचे उड़कर ईरान की मोबाइल यूनिट्स और समुद्री ताकतों को निशाना बना रहा है. ऐसा तभी संभव है जब दुश्मन का एयर डिफेंस सिस्टम (जैसे रडार और मिसाइलें) कमजोर पड़ चुका हो या ‘तबाह’ (Crumble) हो गया हो.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की तैयारी
जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन के मुताबिक, ए-10 वॉर्थोग्स दक्षिणी हिस्से में ईरान की तेज रफ्तार नावों ( Fast-attack craft) को खत्म कर रहे हैं. अमेरिकी सेना अब तक ईरान के 120 जहाजों और 44 माइन बिछाने वाली नावों को ‘हंट एंड किल’ मिशन के तहत ढेर कर चुकी है. जनरल केन ने साफ कहा कि वे अब ईरान के और अंदर घुसकर उन हथियारों को तबाह कर रहे हैं, जिनसे दुनिया की सप्लाई लाइन रोकी जा रही है.
दुनियाभर में बढ़ी टेंशन
हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) बंद होने से दुनिया की 20-25% तेल और गैस की सप्लाई रुक गई है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर इसे खुलवाने का भारी दबाव है, क्योंकि अमेरिका समेत पूरी दुनिया में ईंधन के दाम आसमान छू रहे हैं. हालांकि, ट्रंप ने पहले ईरान की इस घेराबंदी का अंदाजा नहीं लगाया था, जिससे वह अब बैकफुट पर दिख रहे हैं. अब वह सहयोगियों के साथ मिलकर एक मल्टीनेशनल फोर्स बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं. ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा समेत 20 देशों ने इसमें साथ देने की बात कही है.
ईरान की दोटूक चेतावनी: एनर्जी प्लांट्स पर हमला हुआ तो पूरा इलाका होगा तबाह
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर कलिबाफ ने अमेरिका को धमकी दी है कि अगर ईरान के एनर्जी प्लांट्स पर हमला हुआ, तो वे पूरे क्षेत्र के उन वित्तीय संस्थानों और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएंगे जो अमेरिकी सेना को फंड देते हैं. ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक उनके तबाह हुए बिजली घर दोबारा नहीं बन जाते, तब तक हॉर्मुज को नहीं खोला जाएगा. उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि वे इजरायल और उन सभी देशों के एनर्जी ठिकानों को बर्बाद कर देंगे जो अमेरिका को बेस दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें: जल्द समाप्त नहीं होगा ईरान युद्ध! ट्रंप के वित्त मंत्री बोले- US के पास इसके लिए बहुत पैसा है
इजरायल का तेहरान पर बड़ा हमला
टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली सेना (IDF) ने तेहरान में ईरान के खुफिया मंत्रालय के हेडक्वार्टर, मिसाइल स्टोरेज और IRGC के एयरफोर्स ठिकानों पर ताबड़तोड़ बमबारी की है. वहीं दूसरी ओर, ईरान की ओर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के क्लस्टर बम इजरायल के रिहायशी इलाकों में गिरे हैं, जिससे पेटाह टिकवा और जाफा जैसे शहरों में नुकसान हुआ है और 15 लोग घायल हुए हैं. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कर दिया है कि अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई जारी रखेंगे.
ये भी पढ़ें:- ईरान युद्ध में फंस चुका है US… ‘लादेन के शिकारी’ पूर्व CIA चीफ ने ट्रंप को ठहराया जिम्मेदार, दी ये सलाह
