Trump Claims Iran Military Destroyed: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई में उसकी कमर टूट चुकी है. ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने महज 11 दिनों के भीतर ईरान के डिफेंस सिस्टम को लगभग पूरी तरह तबाह कर दिया है. उन्होंने तेल कंपनियों से कहा कि वे अब होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का इस्तेमाल बेधड़क कर सकती हैं, क्योंकि ईरान की नेवी अब कोई खतरा पैदा करने की हालत में नहीं है.
ईरान की नेवी और एयरफोर्स 3 घंटे में ढेर
ट्रंप ने एक सभा को संबोधित करते हुए बताया कि ऑपरेशन शुरू होने के शुरुआती 3 घंटों में ही ईरान की एयरफोर्स को खत्म कर दिया गया. उन्होंने डेटा साझा करते हुए कहा कि ईरान के पास अब न रडार बचा है और न ही एंटी-एयरक्राफ्ट गन. ट्रंप के अनुसार, ईरान की मिसाइलें 90% और ड्रोन क्षमता 85% तक खत्म हो चुकी है. अमेरिकी सेना लगातार उन फैक्ट्रियों को उड़ा रही है जहां ये हथियार बनते थे.
58 ईरानी जहाजों को समुद्र में डुबाया
ट्रंप ने दावा किया कि एक ही रात में ईरान के लगभग सभी माइन बिछाने वाले जहाजों और उसकी पूरी नेवी को ठिकाने लगा दिया गया है. कुल 58 ईरानी नौसैनिक जहाजों को नष्ट किया गया है. ट्रंप ने कहा कि पिछले 47 सालों से ईरान दुनिया को नुकसान पहुंचा रहा था और अब उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है. उन्होंने साफ किया कि “ऑपरेशन मिडनाइट हैमर” के जरिए ईरान की परमाणु क्षमता को पहले ही मिट्टी में मिला दिया गया था, लेकिन वे फिर से सिर उठा रहे थे, इसलिए इस बार काम तमाम करना जरूरी है.
सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल
जंग के बीच तेल की कीमतों को कंट्रोल करने के लिए ट्रंप ने बड़ी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) दुनिया भर के नेशनल रिजर्व से 40 करोड़ बैरल कच्चा तेल मार्केट में उतारने के लिए तैयार हो गई है. ट्रंप ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार ग्लोबल एनर्जी सप्लाई को स्थिर रखने और तेल की कीमतों को कम करने के लिए हर संभव काम कर रही है.
ये भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट में तनाव: भारत आ रहे थाई झंडे वाले जहाज पर मिसाइल हमला, ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी
ईरान की जवाबी धमकी
दूसरी तरफ, ईरान के सैन्य प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि अगर उनके बंदरगाहों (Ports) पर हमला हुआ, तो वे भी क्षेत्र के अन्य पोर्ट्स को निशाना बनाएंगे. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यूएन (UN) ने भी नागरिकों को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास वाले पोर्ट इलाकों से तुरंत दूर रहने को कहा है. वहीं, दक्षिणी ईरान में एक स्कूल पर हुए हमले में 175 लोगों (ज्यादातर बच्चे) की मौत के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है.
कमांडर बोले- ईरान को जड़ से मिटा रहे हैं
अमेरिकी सेंटकॉम (CENTCOM) कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने बुधवार को कहा कि अमेरिका सटीक हमले और नई तकनीक के जरिए ईरान की उन सभी ताकतों को खत्म कर रहा है जो अमेरिका या उसके दोस्तों के लिए खतरा बन सकती हैं. ट्रंप ने दोहराया कि उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में जो सैन्य शक्ति तैयार की थी, वह आज दुनिया में सबसे बेस्ट है और इसी के दम पर यह बड़ा ऑपरेशन मुमकिन हुआ है.
ये भी पढ़ें: क्या जिंदा हैं ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई? इस सवाल के पीछे की 3 बड़ी वजह
