खेल दोबारा शुरू होने पर एमएलबी में शॉवर लेने और थूकने की इजाजत नहीं होगी: रिपोर्ट

मेजर लीग बेसबॉल (एमएलबी) के अधिकारियों ने खेल दोबारा शुरू करने के लिए नियमों का जो मसौदा तैयार किया है उनके अनुसार मुकाबले शुरू होने पर खिलाड़ियों को मैच खत्म होने पर शॉवर लेने, जश्न में मुठ्ठियां टकराने और डगआउट में थूकने की स्वीकृति नहीं होगी

लास एंजिलिस : मेजर लीग बेसबॉल (एमएलबी) के अधिकारियों ने खेल दोबारा शुरू करने के लिए नियमों का जो मसौदा तैयार किया है उनके अनुसार मुकाबले शुरू होने पर खिलाड़ियों को मैच खत्म होने पर शॉवर लेने, जश्न में मुठ्ठियां टकराने और डगआउट में थूकने की स्वीकृति नहीं होगी. अमेरिकी मीडिया की शनिवार की खबरों के अनुसार इन नियमों को खिलाड़ियों की यूनियन से स्वीकृति लेनी होगी.

अगर ये लागू हुए तो सामाजिक दूरी का पालन करने के अलावा होम रन के बाद गले मिलने और हाई फाइव तथा तंबाकू चबाने की इजाजत नहीं होगी. खिलाड़ियों का बुखार रोजाना जांचा जाएगा और उन्हें हर पारी के बीच में अपने हाथ सेनेटाइज करने होंगे. एमएलबी ने हर सप्ताह खिलाड़ियों, कोचों, प्रबंधन और स्टेडियम कर्मचारियों के कोरोना वायरस के हजारों परीक्षण करने की योजना बनायी है.

द एथलेटिक की खबर के अनुसार एमएलबी का मानना है कि खेल की वापसी के लिए जो 67 पन्नों के नियम तैयार किये गये हैं उनसे कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी. लीग को जुलाई की शुरुआत में 2020 सत्र शुरू करने की उम्मीद है जिसमें नियमित सत्र से कम मुकाबले होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >