रूसी मिसाइलों और ड्रोन से दहला कीव, रातभर होती रही बमबारी, 9 की मौत-कई घायल

Russia Ukraine War: रूस ने शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला किया. रूसी हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए.

Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध जारी है. शुक्रवार (31 जुलाई) देर रात से शनिवार (1 अगस्त) की सुबह तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने जोरदार हमला बोला. मिसाइलों और ड्रोन हमले से यूक्रेन की राजधानी थर्राती रही. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, हमले में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. हमले में राजधानी के सात जिलों के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया.

35 मिसाइलों और 185 ड्रोन से किया गया हमला

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रूसी हमले की जानकारी दी-

  • रूस ने 35 मिसाइलें दागीं, जिनमें 27 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं.
  • 185 हमलावर ड्रोन का इस्तेमाल किया.
  • कीव के अलावा निप्रो, सूमी, खार्किव और पोल्टावा क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया.
  • 18 रिहायशी इमारतें, स्कूल और दूतावास को नुकसान पहुंचा है.

राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक रूसी हमले में 18 रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं हैं. एक स्कूल और कई अहम बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है. लिथुआनिया के दूतावास को भी क्षति हुई है. जेलेंस्की ने लिखा कि कई स्थानों पर आग लग गई, जहां राहत और बचाव कार्य जारी है. उन्होंने कहा कि रूस आम नागरिकों को निशाना बना रहा है.

रूस ने हमेशा की तरह आम रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया. अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और दर्जनों लोग घायल हैं. राहत दल लगातार बचाव कार्य में जुटे हैं- राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की

पैट्रियट इंटरसेप्टर की कमी से बढ़ रहा खतरा

जेलेंस्की ने कहा कि हमले के दौरान केवल एक बैलिस्टिक मिसाइल को ही रोका जा सका क्योंकि यूक्रेन के पास पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी है.

बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर की कमी ही रूस को ऐसे घातक हमले करने का साहस देती है. सहयोगी देशों को समझना होगा कि इन रक्षा प्रणालियों की जरूरत अभी यूक्रेन में है- राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से हुई बातचीत

जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से फोन पर बातचीत की. बैठक में जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन के लिए पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत है. दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध का वैश्विक बाजारों पर असर पर भी चर्चा की साथ ही भविष्य के रक्षा सहयोग पर भी बातचीत हुई. ज़ेलेंस्की ने अमेरिका के समर्थन के लिए आभार भी जताया.

रूस का दावा- सैन्य और रक्षा ठिकानों को बनाया निशाना

वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि हमले में यूक्रेन के रक्षा उद्योग से जुड़े ठिकानों, लॉजिस्टिक्स केंद्रों और हथियार निर्माण इकाइयों को निशाना बनाया गया. रूस के अनुसार, कार्रवाई में...

  • उच्च परिशुद्धता (High Precision) वाली मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया.
  • लंबी दूरी के ड्रोन भी तैनात किए गए.
  • मिसाइल, ड्रोन, रडार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरणों से जुड़े ठिकानों को लक्ष्य बनाया गया.

कीव पर रूस का यह हमला ऐसे समय हुआ है जब महज दो दिन पहले रूस ने पूरे यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया था. उस हमले में 10 नागरिकों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे. साथ ही, एक रूसी मिसाइल पोलैंड के हवाई क्षेत्र में भी चली गई थी.

रात 1 बजे शुरू हुए धमाके, कई घंटों तक जारी रहे हमले

रूसी मीडिया RT के मुताबिक, कीव में स्थानीय समयानुसार रात 1 बजे के बाद विस्फोट शुरू हुए और सुबह 3 बजे तक कई चरणों में हमले जारी रहे. इस दौरान राजधानी के कई इलाकों में धमाकों और आग की घटनाओं से दहशत का माहौल बना रहा. दूसरे हवाई हमले की चेतावनी के दौरान तहखाने में बने शरणस्थल में छिपीं ल्यूडमिला नाकोनेचना ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे तेज धमाकों की आवाज से उनकी नींद खुल गई.

मैं भागकर गलियारे में पहुंची ही थी कि बाथरूम का दरवाजा जोरदार धमाके से उखड़कर मेरे पैर से टकरा गया. चारों ओर शीशे टूटने की आवाज आ रही थी. मेरी बालकनी पूरी तरह कांच से भर गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. मेरे बेडरुम की खिड़कियां भी टूट गईं. ल्यूडमिला नाकोनेचना

साल 2022 से जारी है रूस यूक्रेन युद्ध

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध 24 फरवरी 2022 से जारी है, जब रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू किया था. तब से दोनों देशों के बीच लगातार मिसाइल हमले, ड्रोन हमले और जमीनी लड़ाई जारी है. इस संघर्ष में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं.

Also Read: ईरान में तबाही का मास्टर प्लान? रिपोर्ट में दावा, अमेरिका कर सकता है जोरदार एयर स्ट्राइक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >