Pakistan Fuel Crisis: पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कमी और बढ़ते आर्थिक संकट के बीच सरकार ने ईंधन बचाने और खर्च कम करने के लिए कई कड़े फैसले लिये हैं. डॉन के मुताबिक, अब इनका असर सरकारी दफ्तरों के साथ-साथ बाजार और शादी समारोहों पर भी दिखेगा. सरकार ने शादी समारोहों में सिर्फ एक डिश परोसने का निर्देश दिया है. इसके अलावा शादी हॉल और कार्यक्रम स्थलों को रात 10 बजे तक बंद करना होगा.
शादी में सिर्फ एक डिश, रात 10 बजे तक बंद होंगे हॉल
पाकिस्तान सरकार की कैबिनेट डिवीजन की ओर से 17 सितंबर को जारी आदेश के मुताबिक, शादी और अन्य समारोहों में मेहमानों को सिर्फ एक डिश परोसी जा सकेगी. साथ ही शादी हॉल, मार्की और अन्य कार्यक्रम स्थलों को रात 10 बजे तक बंद करना अनिवार्य होगा. सरकार का मकसद ईंधन की खपत और बिजली समेत दूसरे संसाधनों की बचत करना है.
सरकारी गाड़ियों का पेट्रोल-डीजल कोटा आधा
ईंधन संकट से निपटने के लिए सरकारी वाहनों के पेट्रोल-डीजल कोटे में 50 फीसदी की कटौती की गयी है. साथ ही नये सरकारी वाहनों की खरीद पर रोक लगा दी गयी है. सरकार ने विभागों को गैर-जरूरी खर्च कम करने और उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल सावधानी से करने का निर्देश दिया है.
रात 9 बजे बंद होंगे बाजार और दुकानें
नये नियमों के तहत पाकिस्तान में बाजारों और दुकानों को रात 9 बजे तक बंद करना होगा. वहीं रेस्तरां, कैफे और खाने-पीने के प्रतिष्ठानों को रात 11 बजे तक बंद करने का निर्देश दिया गया है. हालांकि टेकअवे और होम डिलीवरी सेवाओं को इन पाबंदियों से छूट दी गयी है.
सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर भी रोक
पाकिस्तान सरकार ने सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर तीन महीने की रोक लगा दी है. हालांकि छात्रवृत्ति, प्रशिक्षण और कुछ जरूरी संस्थागत कार्यक्रमों के लिए छूट दी गयी है. सरकार ने जहां संभव हो, बैठकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आयोजित करने का निर्देश भी दिया है.
जरूरी सेवाओं को पाबंदियों से छूट
दवा की दुकानें, अस्पताल, क्लीनिक, पेट्रोल-सीएनजी स्टेशन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, जिम, खेल सुविधाएं, आइटी कंपनियां और कॉल सेंटर जैसी जरूरी सेवाओं को इन समय-सीमा वाली पाबंदियों से बाहर रखा गया है. पाकिस्तान सरकार का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य ईंधन की खपत घटाने और सरकारी खर्च को नियंत्रित करना है.
ये भी पढ़ें: ईरान ने अमेरिका के सामने रखीं 7 शर्तें, बोला- मानोगे तो बातचीत, वरना ‘निर्णायक युद्ध’ के लिए तैयार
