पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने पर लगी रोक को बढ़ाकर 24 सितंबर 2026 तक कर दिया है. पाकिस्तान के हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बुधवार (19 अगस्त) को इसकी जानकारी दी. दोनों देशों ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक-दूसरे की विमान सेवाओं के लिए हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था. यह रोक अब भी जारी है.
पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस टू एयरमेन (नोटम) में कहा गया है, ‘‘इंडियन रजिस्ट्रेशन वाले विमानों और भारतीय एयरलाइंस/ऑपरेटरों द्वारा संचालित या लीज पर लिए गए विमानों के लिए पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र उपलब्ध नहीं है.’’
कब तक लागू रहेगा नया फैसला?
पाकिस्तान ने यह फैसला मौजूदा प्रतिबंध की अवधि खत्म होने से पहले लिया है. मौजूदा रोक 23 अगस्त को समाप्त हो रही थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है. नए आदेश के मुताबिक, प्रतिबंध 23 अगस्त सुबह 10:15 बजे से 24 सितंबर सुबह 4:59 बजे तक लागू रहेगा. यानी इस दौरान भारतीय विमानों को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं होगी.
भारतीय विमानों पर लगी रोक दोनों हिस्सों में लागू
पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र को कराची और लाहौर, दो हिस्सों में बांट रखा है. 2022 के पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के दस्तावेज के मुताबिक, भारतीय विमानों पर लगी रोक दोनों हिस्सों में लागू होगी. यह पाबंदी पिछले साल से लगातार बढ़ाई जा रही है. इसका असर एयरलाइंस पर पड़ रहा है और यात्रियों को लंबा रास्ता तय करने के कारण अधिक समय और खर्च का सामना करना पड़ रहा है.
पाकिस्तान के विमानों के लिए भारत में रोक जारी
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने भी पाकिस्तान के विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर लगी रोक जारी रखी है. इस प्रतिबंध के तहत पाकिस्तानी रजिस्ट्रेशन वाले विमान, एयरलाइंस और सैन्य उड़ानें भारतीय एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं कर सकतीं. पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था.
