न्यूयॉर्क में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 24 साल के दो दोस्तों की मौत हो गई. दोनों मैनहट्टन के एक सबवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आ गए. हादसे से पहले का वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी सवालों में घिर गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों रेलवे ट्रैक पर क्यों गए थे. हालांकि हादसे की वजह अभी साफ नहीं है और पुलिस दूसरे एंगल से जांच कर रही है.
मृतकों की पहचान मलाइका चितरे और नवम कौल के तौर पर हुई है. दोनों न्यू जर्सी में रहते थे और रटगर्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी कर चुके थे. यह हादसा 13 सितंबर की सुबह मैनहट्टन के स्प्रिंग स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर हुआ. पुलिस के मुताबिक, दक्षिण दिशा में जा रही नंबर 4 ट्रेन ने दोनों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
ट्रेन आने से पहले ट्रैक पर बैठे थे दोनों
- इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की हो रही है, जिसमें दोनों ट्रेन के ट्रैक पर बैठे नजर आ रहे हैं. वीडियो में ट्रेन को उनकी तरफ आते हुए भी देखा जा सकता है. इस वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच इस एंगल से कर रह है कि दोनों ट्रैक पर क्यों बैठे थे.
- ट्रेन ऑपरेटर ने जांच अधिकारियों को बताया कि उसने ट्रैक पर एक युवक और एक युवती को देखा था. रिपोर्ट के मुताबिक, युवती युवक को अपनी तरफ खींच रही थी. इसके बाद ट्रेन दोनों से टकरा गई.
- जांच में यह भी सामने आया है कि क्या दोनों में से कोई एक पहले ट्रैक पर गिर गया था और दूसरा उसकी मदद करने के लिए नीचे गया था.
- कई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं को ऐसा भी लगता है कि दूसरा व्यक्ति पहले वाले को उठाने या उसकी मदद करने के लिए ट्रैक पर पहुंचा हो सकता है. लेकिन अभी इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है.
नशे और आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही पुलिस
- पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के वक्त दोनों ने शराब या किसी नशीले पदार्थ का सेवन तो नहीं किया था. हालांकि, अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक सबूत सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि दोनों नशे में थे.
- जांचकर्ता आत्महत्या की संभावना को भी पूरी तरह खारिज नहीं कर रहे हैं. पुलिस ने सुसाइड नोट की तलाश भी की है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई नोट मिलने की जानकारी नहीं है.
रटगर्स यूनिवर्सिटी से की थी पढ़ाई
- सामने आई जानकारी के अनुसार, मलाइका चितरे ने 2024 में रटगर्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी की थी. वह फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में काम कर रही थीं और हाल ही में डॉक्टर ऑफ फार्मेसी की पढ़ाई भी शुरू की थी.
- नवम कौल ने रटगर्स बिजनेस स्कूल से फाइनेंस की पढ़ाई की थी. पढ़ाई पूरी करने के बाद वह न्यूयॉर्क में फाइनेंशियल डेटा एनालिस्ट के तौर पर काम कर रहे थे.
- दोनों की मौत ने उनके परिवार और दोस्तों को गहरा सदमा दिया है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि उस रात दोनों सबवे ट्रैक पर कैसे पहुंचे और ट्रेन को आता देखकर भी वहां से क्यों नहीं हटे?
ये भी पढ़ें: Video : अचानक हवा में गिरने लगा विमान..तीन बार पायलट ने की बचाने की कोशिश, फिर ऐसे हुई 60 मील दूर लैंडिंग
