बालेन सरकार का कैबिनेट विस्तार: सुदन गुरुंग फिर बनेंगे नेपाल के गृह मंत्री, पहली बार अलग से बनेगी साइंस एंड टेक मिनिस्ट्री

Nepal Cabinet Expansion: नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह अपनी कैबिनेट का विस्तार करने जा रहे हैं. सुदन गुरुंग दोबारा गृह मंत्री बनेंगे, जबकि महावीर पुन को नवगठित विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.

Nepal Cabinet Expansion: नेपाल में सरकार एक बार फिर कैबिनेट विस्तार की तैयारी में है. प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह (बालेन) मंगलवार को अपनी मंत्रिपरिषद में कम से कम दो नए चेहरों को शामिल करने जा रहे हैं, जिनमें पूर्व गृह मंत्री सुदन गुरुंग और सामाजिक नवाचार के क्षेत्र में चर्चित नाम महावीर पुन शामिल हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सुदन गुरुंग को दोबारा गृह मंत्री बनाया जाएगा. दोनों नेताओं का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजे राष्ट्रपति कार्यालय शीतल निवास में आयोजित होना है. 

प्रधानमंत्री कार्यालय के एक सूत्र ने एएनआई से कहा, ‘प्रधानमंत्री सुदन गुरुंग के अलावा एक और मंत्री को भी कैबिनेट में शामिल करेंगे.’ सूत्रों के मुताबिक, महावीर पुन को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘महावीर पुन भी सुदन गुरुंग के साथ शीतल निवास में शपथ लेंगे.’

हाल ही में नेपाल सरकार ने मंत्रालयों का पुनर्गठन करते हुए उनकी संख्या 25 से घटाकर 18 कर दी थी. इसी प्रक्रिया के तहत विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया है. लंबे समय से वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अलग मंत्रालय की मांग उठाने वाले महावीर पुन को इसका पहला मंत्री बनाया जा रहा है. यह विभाग पहले शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रायल के रूप में जाना जाता था. अब इसे अलग कर दिया गया है.

कैसे लौटे सुदन गुरुंग?

दूसरी ओर, सुदन गुरुंग की वापसी उस जांच रिपोर्ट के बाद संभव हुई है, जिसे सरकार ने उनके खिलाफ लगे आरोपों की पड़ताल के लिए गठित किया था. मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में जांच समिति की रिपोर्ट स्वीकार कर ली गई. सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में गुरुंग को आरोपों से मुक्त बताया गया है, जिसके बाद उनके दोबारा गृह मंत्रालय संभालने का रास्ता साफ हो गया.

22 अप्रैल को सुदन गुरुंग ने गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. उन पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच का सामना कर रहे कारोबारी दीपक भट्ट से जुड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी रखने के आरोप लगे थे. दस्तावेजों से सामने आया था कि गुरुंग के नाम पर स्टार माइक्रो इंश्योरेंस और लिबर्टी माइक्रो इंश्योरेंस में शेयर मौजूद हैं, जिनका संबंध भट्ट से जोड़ा गया था.

जेन-जी आंदोलन के बाद जीते सुदन

सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद उभरे सुदन गुरुंग ने 5 मार्च के चुनाव में गोरखा से जीत दर्ज की थी और बाद में गृह मंत्री बने थे. अपने शुरुआती कार्यकाल में उन्होंने कई वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन बाद में उन पर हितों के टकराव को लेकर सवाल उठने लगे.

आरोपों पर सफाई देते हुए गुरुंग ने कहा था कि उन्होंने कोई जानकारी छिपाई नहीं है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘जब मेरी घोषित कुल संपत्ति 2 करोड़ नेपाली रुपये से अधिक है, तो मैं 25 लाख नेपाली रुपये के शेयर क्यों छिपाऊंगा? यह केवल वर्गीकरण का मामला है.’

ये भी पढ़ें:- भारत के दोस्त रूस ने पाकिस्तान के साथ किए दो बड़े समझौते, SCO में बनी सहमति; मिलकर करेंगे कार्रवाई

ये भी पढ़ें:- दिन में अदालत, रात में ‘चांदनी बार’, पाकिस्तान के रावलपिंडी कोर्ट परिसर में ‘मुजरा’ का वीडियो वायरल; FIR दर्ज

मंत्री बनने से पहले खरीदे थे शेयर

उन्होंने यह भी कहा था कि स्टार माइक्रो इंश्योरेंस और लिबर्टी माइक्रो इंश्योरेंस के शेयर उन्होंने मंत्री बनने से पहले खरीदे थे और ये उनकी घोषित संपत्तियों का हिस्सा हैं. गुरुंग का तर्क था कि किसी कंपनी का शेयरधारक होने का अर्थ यह नहीं है कि उसका उससे जुड़े हर व्यक्ति से सीधा संबंध हो. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि दीपक भट्ट से जुड़ी जांच वित्त मंत्रालय के अधीन धन शोधन जांच विभाग कर रहा है, न कि गृह मंत्रालय.

हालांकि बाद में यह सवाल भी उठा कि जिन कंपनियों के शेयर उन्होंने अपनी कुल शेयर निवेश राशि में शामिल बताए थे, वे अभी सार्वजनिक रूप से कारोबार शुरू ही नहीं कर पाई थीं. इसी को लेकर विपक्ष और राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई थी. अब जांच समिति की रिपोर्ट के बाद सरकार ने उन्हें फिर से गृह मंत्री बनाने का फैसला किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >