Japan Typhoon Dujuan: जापान के पूर्वी हिस्से में सोमवार को तूफान (typhoon) डुजुआन के पहुंचने की आशंका के बीच भारी बारिश, तेज हवाओं और भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, तूफान सोमवार शाम से देर रात तक टोक्यो के पूर्व में स्थित चिबा प्रीफेक्चर के बोसो प्रायद्वीप के पास से गुजर सकता है.
मौसम विभाग ने कांतो-कोशिन और मध्य जापान के तोकाई क्षेत्र में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है. कुछ इलाकों में रैखिक बारिश की पट्टियां (Linear Rainbands) बनने की संभावना है, जिससे कम समय में तेज बारिश हो सकती है.
2026 का यह 25वां तूफान है
यह इस साल का 25वां टाइफून है. इसके चलते जापान में परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं और पांच दिन की छुट्टी के दौरान कुछ राजमार्गों के हिस्सों को बंद करना पड़ा है. सोमवार को तूफान हाचिजो द्वीप से करीब 110 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में था और लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ रहा था.
Asian Games के आयोजन स्थल पर भी असर की आशंका
टाइफून डुजुआन का असर फिलहाल एशियन गेम्स 2026 के आयोजन स्थल आइची-नागोया में ज्यादा देखने को नहीं मिला है. हालांकि, मौसम विभाग ने सोमवार बाद में मौसम खराब होने की संभावना जताई है.
एहतियात के तौर पर आयोजकों ने घुड़सवारी के इवेंटिंग मुकाबले को सोमवार से टालकर मंगलवार कर दिया है. जापान के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मंगलवार तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. शिजुओका प्रीफेक्चर और इजू द्वीप समूह के ऊपर रैखिक बारिश की पट्टी बनने की भी आशंका है.
ये भी पढ़ें: IMD Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव, 4 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
