क्या भारत के लिए दूसरा पाकिस्तान बन रहा है बांग्लादेश? जानिए कैसे बदल रहे हैं क्षेत्रीय समीकरण

क्या बांग्लादेश भारत के लिए सचमुच दूसरा पाकिस्तान बनता जा रहा है, या यह बदलते राजनीतिक हालात में दिया गया एक राजनीतिक बयान है? शेख हसीना के बेटे साजिब वाजेद के दावे के बाद भारत-बांग्लादेश संबंध, चीन और पाकिस्तान की बढ़ती भूमिका, सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय रणनीति को लेकर नई बहस छिड़ गई है.

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे साजीब वाजेद ने दावा किया है कि बांग्लादेश, भारत के पूर्वी मोर्चे पर एक और पाकिस्तान बन गया है. साजीब वाजेद  का यह बयान ऐसे समय आया है,जब भारत और बांग्लादेश के रिश्ते शेख हसीना के प्रत्यर्पण, चीन के बढ़ते प्रभाव और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर नई चुनौतियों का सामना कर रहा है.

ऐसे में ये समझना जरूरी है कि क्या वास्तव में बांग्लादेश भारत के लिए दूसरा पाकिस्तान बनता जा रहा है,या फिर यह बदलते राजनीतिक हालात के बीच दिया गया महज एक राजनीतिक बयान है?

सबसे पहले समझिए...

साजीब वाजेद ने क्या कहा और यह क्यों महत्वपूर्ण है?

अपने संबोधन में वाजेद ने मुख्य रूप से तीन आरोप लगाए हैं.

  • 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई मौतों के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए संयुक्त राष्ट्र और तत्कालीन सरकार के आंकड़ों में अंतर पर सवाल किए.
  • अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई तथा बिना उचित कानूनी प्रक्रिया के गिरफ्तारी और हिरासत में रखे जाने का आरोप लगाया.
  • पाकिस्तान की आईएसआई समेत विदेशी खुफिया एजेंसियों के बढ़ते प्रभाव का दावा करते हुए वाजेद ने कहा कि बांग्लादेश भारत के पूर्वी मोर्चे पर एक और पाकिस्तान बनता जा रहा है.

साजीब वाजेद का बयान सिर्फ एक राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं है क्योंकि यह ऐसे समय आया है, जब भारत और बांग्लादेश के संबंध कई संवेदनशील मुद्दों से गुजर रहे हैं. इसलिए उनके बयान ने भारत की सुरक्षा, क्षेत्रीय रणनीति और दोनों देशों के भविष्य के रिश्तों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. इसी दौरान शेख हसीना ने भी दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की घोषणा की, जिससे वहां की राजनीति और भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर चर्चाएं भी हो रही है.

ये भी पढ़ें : सड़क पर Gen Z का जलवा, लेकिन संसद में कितनी बुलंद है नई पीढ़ी की आवाज?

दूसरा पाकिस्तान कहने का क्या मतलब है?

साजीब वाजेद द्वारा बांग्लादेश को भारत के लिए दूसरा पाकिस्तान बताने का मतलब कोई आधिकारिक या रणनीतिक नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक टिप्पणी है इसलिए इसे शाब्दिक अर्थ में नहीं, बल्कि सुरक्षा और भू-राजनीतिक संदर्भ में समझना जरूरी है. भारत के संदर्भ में जब किसी देश की तुलना पाकिस्तान से की जाती है, तो आमतौर पर उसका मतलब होता है.

  • भारत के साथ रिश्तों में तनाव या टकराव बढ़ना.
  • पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई का बढ़ता प्रभाव.
  • आतंकवाद, कट्टरपंथ और सीमा सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का बढ़ना.
  • ऐसे राजनीतिक या कूटनीति घटनाक्रम, जिससे भारत की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों पर असर पड़ सकता है.

यानी दूसरा पाकिस्तान जैसी अभिव्यक्ति का प्रयोग मुख्य रूप से सुरक्षा, सामरिक और भू-राजनीतिक चिंताओं को व्यक्त करने के लिए किया जाता है, न कि किसी देश की धार्मिक या सामाजिक पहचान के लिए.

यह ग्राफिक AI की सहायता से तैयार किया गया एक सांकेतिक विजुअल है.

साजीब वाजेद के बयान को समझने के लिए यह जानना भी जरूरी है कि नई सरकार के गठन के बाद पिछले दो साल में बांग्लादेश की राजनीति में क्या-क्या बदलाव हुए.

2024 के बाद दोनों देश में क्या बदला?

अगस्त 2024 में देश में हुए छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी. फिर फरवरी 2026 के चुनाव में बीएनपी के जीत के बाद तारिक रहमान प्रधानमंत्री बने. छात्र आंदोलन के बाद अवामी लीग का राजनीतिक प्रभाव काफी कमजोर हुआ और भारत-बांग्लादेश संबंधों की प्राथमिकताएं भी बदलती नजर आने लगीं यहीं से भारत की सुरक्षा और रणनीतिक हितों को लेकर नई चर्चाएं शुरू हुईं.

ये भी पढ़ें : दो साल बाद शेख हसीना बोलने आईं, कैमरा तो लगाया, लेकिन लेंस बंद करके बोलती रहीं, क्यों?

बांग्लादेश से रिश्तों को लेकर भारत की चिंता क्यों बढ़ी?

बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसे कई घटनाक्रम हुए, जिन्होंने भारत की रणनीतिक चिंताओं को बढ़ाया है.

  • चीन के साथ बढ़ती बांग्लादेश की साझेदारी
  • पाकिस्तान के साथ बढ़ते बांग्लादेश के संपर्क
  • भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा जल संधि
  • भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा सुरक्षा
यह ग्राफिक AI की सहायता से तैयार किया गया एक सांकेतिक विजुअल है.

तो क्या वास्तव में बांग्लादेश पाकिस्तान जैसा बन गया है?

फिलहाल इसका सीधा जवाब 'हां' या 'नहीं' में नहीं दिया जा सकता. हालांकि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कुछ ऐसे घटनाक्रम जरूर हुए हैं, जिससे भारत की रणनीतिक चिंताएं बढ़ी हैं. लेकिन दोनों देशों के रिश्ते पूरी तरह टकराव की स्थिति में भी नहीं पहुंचे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि...

  • भारत और बांग्लादेश के बीच व्यापार अब भी सामान्य रूप से जारी है.
  • सीमा प्रबंधन और सुरक्षा सहयोग पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
  • दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संवाद लगातार जारी है.
  • भारत ने नई सरकार के साथ भी काम करने और रिश्ते बनाए रखने की नीति अपनाई है.
  • बांग्लादेश ने आधिकारिक तौर पर भारत विरोधी सुरक्षा या विदेश नीति की घोषणा नहीं की है.

यानी, मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा नहीं कहा जा सकता कि बांग्लादेश भारत के लिए पूरी तरह दूसरा पाकिस्तान बन गया है.

फिर भारत के लिए चिंता किस बात की है?

हालांकि, इसका मतलब यह भी नहीं है कि भारत की चिंताएं खत्म हो गई हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के कुछ घटनाक्रम ऐसे हैं, जिन पर भारत को लगातार नजर बनाए रखनी होगी. इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं.

  • चीन का बांग्लादेश में बढ़ता रणनीतिक निवेश.
  • बांग्लादेश का पाकिस्तान के साथ बढ़ती राजनीतिक और कूटनीतिक नजदीकी.
  • बांग्लादेश में भारत के करीबी माने जाने वाले नेतृत्व का सत्ता से बाहर होना.
  • पूर्वोत्तर भारत की सुरक्षा पर संभावित असर.
  • हिंद महासागर क्षेत्र में बदलता सामरिक संतुलन.

यही वजह है कि भारत फिलहाल बांग्लादेश के साथ अपने रिश्तों को लेकर सतर्क रुख अपनाए हुए है.

कुल मिलाकर, साजीब वाजेद का यह दावा कि बांग्लादेश भारत के लिए दूसरा पाकिस्तान बन गया है एक गंभीर राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़ा बयान है. लेकिन मौजूदा तथ्यों के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि बांग्लादेश वास्तव में पाकिस्तान जैसी स्थिति में पहुंच चुका है. हालांकि, यह भी सच है कि 2024 के सत्ता परिवर्तन के बाद चीन के बढ़ते प्रभाव, पाकिस्तान के साथ बढ़ते संपर्क, शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा और बदलते क्षेत्रीय समीकरणों ने भारत की रणनीतिक चिंताओं को जरूर बढ़ाया है. पढ़िए देश दुनिया और बिहार झारखंड की ओरिजिनल खबर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौतम कुमार

दैनिक भास्कर से शुरू हुआ ये कारवां अब प्रभात खबर तक आ पहुंचा है. पढ़ाई और पत्रकारिता की बारीकियां सीखने का सफर अभी जारी है, किताबों से भी सीख रहा हूं, लोगों से भी और खबरें तो है हीं..

पेशा पत्रकारिता का है, लेकिन जिज्ञासा उसकी सीमाओं से थोड़ी बड़ी है. राजनीति, इतिहास, साहित्य, संगीत, खेल, लोक संस्कृति या फिर मनोरंजन... जो भी नई बात मिले, उसे समझने की कोशिश करता हूं और जो भी दिलचस्प लगे, उसमें खो जाता हूं. किताब कैसी है, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, मिल जाएं तो वक्त का पता नहीं चलता और हां, अच्छी फिल्में मिल जाएं तो फिर बाकी दुनिया थोड़ी देर के लिए इंतजार कर सकती है.

लिखना पसंद है, इसलिए रोज थोड़ा बेहतर लिखने की कोशिश करता हूं. जो पढ़ता हूं, देखता हूं, समझता हूं और लगता है कि आपकी टाइमलाइन तक पहुंचना चाहिए, वही यहां शेयर करता हूं. हो सकता है एक-आध बात पर आपकी राय अलग हो, लेकिन बातचीत और सीखने का सिलसिला शुरू हो सकता है, इसके लिए आपके सुझाव आंमत्रित है...

बाकी, खबरों के पीछे की कहानी और कहानियों के पीछे की खबर तलाशने का सिलसिला हमेशा जारी रहेगा...

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >