ईरान को लगा एक और झटका: अमेरिका-इजरायल हमले में IRGC इंटेलिजेंस चीफ की मौत

Majid Khademi Killed: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच तेहरान में भीषण हवाई हमले हुए हैं. इसमें IRGC के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी की मौत हो गई है. अमेरिकी और इजरायली हमलों में एक के बाद एक ईरानी दिग्गजों का खात्मा हो रहा है, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है.

Majid Khademi Killed: ईरान की सबसे ताकतवर सेना रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सोमवार को एक बड़ी जानकारी साझा की है. IRGC के मुताबिक, उनके इंटेलिजेंस चीफ माजिद खादेमी की अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में मौत हो गई है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह हमला सटीक किस जगह पर हुआ, लेकिन सोमवार सुबह तड़के हुए इस हमले ने पूरे इलाके में तनाव बढ़ा दिया है.

तेहरान के पास रिहायशी इलाकों में भीषण बमबारी

ईरानी मीडिया और टेलीग्राम चैनल पर दी गई जानकारी के अनुसार, यह हमला उस वक्त हुआ जब तेहरान और उसके आसपास के रिहायशी इलाकों में कई हवाई हमले किए जा रहे थे. IRGC ने अपने आधिकारिक बयान में मेजर जनरल माजिद खादेमी को एक ‘शिक्षित और ताकतवर’ लीडर बताया है. टेलीग्राम पोस्ट में कहा गया कि अमेरिकी और इजरायली सेना के इस ‘आतंकी हमले’ में खादेमी शहीद हो गए हैं. यह घटना 6 अप्रैल 2026 की सुबह की बताई जा रही है.

50 साल का करियर और सुरक्षा की जिम्मेदारी

माजिद खादेमी पिछले करीब 50 सालों से ईरान की सेवा कर रहे थे. IRGC की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने देश की सुरक्षा और खुफिया विभाग में बहुत बड़ा योगदान दिया था. उन्हें ईरान के दुश्मनों की घुसपैठ रोकने और देश की स्थिरता बनाए रखने के लिए जाना जाता था. खादेमी की मौत को ईरान के सैन्य नेतृत्व के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है. ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही इस जंग का अब छठा हफ्ता शुरू हो चुका है.

एक महीने में कई बड़े अधिकारियों की गई जान

ईरान में बड़े अधिकारियों के मारे जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है. पिछले महीने इजरायल ने ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी और खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब को महज दो दिनों के भीतर निशाना बनाया था. 28 फरवरी 2026 को शुरू हुए इस सैन्य अभियान के बाद से अब तक IRGC चीफ मोहम्मद पाकपुर, बासिज फोर्स के चीफ गुलामरेजा सुलेमानी और रक्षा मंत्री अजीज नासिरजादेह जैसे बड़े नामों की मौत हो चुकी है.

ये भी पढ़ें: US-ईरान के बीच 45 दिनों के सीजफायर की कोशिश, पाकिस्तान समेत 3 देश करा रहे समझौता, क्या रुकेगी वॉर?

सुप्रीम लीडर पर भी मंडरा रहा है खतरा

इस तनाव के बीच अमेरिका और इजरायल ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई को भी निशाना बनाने की बात कही है. मुजतबा खामेनेई पूर्व सुप्रीम लीडर के बेटे हैं, जिनकी मौत 28 फरवरी को जंग की शुरुआत में ही हो गई थी. IRGC ईरान की एक ऐसी खास फौज है जो सीधे सुप्रीम लीडर को रिपोर्ट करती है और ईरान की अर्थव्यवस्था से लेकर सुरक्षा तक हर बड़े मामले में इसका दखल रहता है.

ये भी पढ़ें:- ईरान में लापता F‑15 पायलट ने भेजा था 3 शब्दों का मैसेज, ट्रंप बोले- साजिश जैसी लगी, लेकिन फिर…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >