Iran Warns US Military: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा तनाव अब और ज्यादा बढ़ गया है. ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तबाह हुए अमेरिकी विमानों की तस्वीरें शेयर कीं. कालीबाफ ने तंज कसते हुए लिखा कि अगर अमेरिका को इस तरह की तीन और जीत मिलीं, तो वह पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा. यह बयान उस वक्त आया है जब अमेरिका अपने एक पायलट को बचाने के लिए चलाए गए मिशन को अपनी बड़ी कामयाबी बता रहा है.
ईरान का दावा: मार गिराए दो ब्लैक हॉक और एक C-130 विमान
ईरान की सेना ने रविवार को दावा किया कि उसने अमेरिका के दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और एक C-130 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान को मार गिराया है. खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने प्रेस टीवी को बताया कि जब अमेरिकी सेना अपने गिरे हुए फाइटर जेट के पायलट को बचाने की कोशिश कर रही थी, तब दक्षिणी इस्फाहान में IRGC और बासिज बलों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. ईरान का कहना है कि उन्होंने अमेरिका के घुसपैठ करने वाले ड्रोन्स को भी ढेर कर दिया है.
ट्रंप ने कहा- ‘हमने उसे बचा लिया’, मिशन को बताया सबसे साहसी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पुष्टि की है कि उनकी सेना ने लापता दूसरे F-15 क्रू मेंबर को सुरक्षित बचा लिया है. ट्रंप ने इस मिशन को अमेरिकी इतिहास का सबसे ‘साहसी’ सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन बताया. उन्होंने लिखा कि दुश्मन की सेनाएं कर्नल रैंक के इस ऑफिसर के बेहद करीब पहुंच चुकी थीं, लेकिन अमेरिकी सेना ने उन्हें सुरक्षित निकाल लिया. ट्रंप ने माना कि इस ऑपरेशन के दौरान कर्नल को चोटें आई हैं, लेकिन अब वह सुरक्षित हैं.
पायलट तो बचा लिया, पर खुद के विमान उड़ाने पड़े
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस रेस्क्यू मिशन में अमेरिका के दो MC-130J ट्रांसपोर्ट विमान शामिल थे. ये विमान मिशन के दौरान ईरान की पहाड़ियों में कहीं फंस गए थे. रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि इन विमानों को ईरानी सेना के हाथ लगने से बचाने के लिए अमेरिकी सेना को खुद ही धमाका करके इन्हें नष्ट करना पड़ा. इसी का फायदा उठाते हुए ईरानी संसद अध्यक्ष कालीबाफ ने जले हुए विमानों की फोटो शेयर कर अमेरिका का मजाक उड़ाया है.
ये भी पढ़ें: ईरान-इजरायल जंग: बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर हमला, खाड़ी देशों पर मंडराया रेडिएशन का खतरा
एक हफ्ते में अमेरिका को बड़ा नुकसान
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को ईरान ने अमेरिका के एक F-15E फाइटर जेट को गिरा दिया था, जिसमें दो क्रू मेंबर सवार थे. पहले पायलट को शनिवार को ही बचा लिया गया था, जबकि दूसरे को बचाने के लिए यह बड़ा ऑपरेशन चलाया गया. सीएनएन के आंकड़ों के अनुसार, इस युद्ध में अब तक अमेरिका के कम से कम 7 विमान नष्ट हो चुके हैं, जिनमें पिछले हफ्ते गिरे F-15 और A-10 विमान भी शामिल हैं. अगर ईरान के ताजा दावों की पुष्टि होती है, तो यह संख्या 10 के पार पहुंच जाएगी.
ये भी पढ़ें: क्या है अमेरिका का CSAR मिशन? ईरान में जिसका इस्तेमाल कर पायलट को बचाया गया
