पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रवक्ता के मुताबिक, पुलिस ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और PTI संस्थापक इमरान खान की बहन अलीमा खान को लाहौर स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, यह गिरफ्तारी इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर होने वाले प्रदर्शन से पहले हुई है. इससे पहले पुलिस ने PTI के चार कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया था. ये कार्रवाई पार्टी के 27 सितंबर को होने वाले प्रदर्शन से पहले की गई. इस प्रदर्शन की मुख्य मांग जेल में बंद इमरान खान की तुरंत रिहाई है.
पाकिस्तान में PTI के देशव्यापी प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस्लामाबाद स्थित सेंट्रल पुलिस ऑफिस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक हुई. इसमें PTI के प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी रोकने के लिए सुरक्षा योजना पर चर्चा की गई. बैठक में संबंधित पुलिस अधिकारी शामिल हुए. राजधानी की पुलिस प्रदर्शन को लेकर जानकारी जुटा रही है. पुलिस PTI की तैयारियों के साथ-साथ पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है.
ये भी पढ़ें: Imran Khan Protest: इमरान खान की पार्टी के प्रदर्शन से पहले एक्शन, पंजाब में 17 सितंबर तक सभाओं पर पाबंदी
प्रदर्शन से पहले पुलिस अलर्ट, होटल-बस टर्मिनल पर बढ़ाई निगरानी
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने गेस्ट हाउस, होटल और बस टर्मिनल पर निगरानी बढ़ा दी है. इसके अलावा पुलिस उन लोगों की भी जानकारी जुटा रही है, जो प्रदर्शनकारियों के लिए खाना, पानी, ठहरने की जगह और आने-जाने की व्यवस्था कर सकते हैं. इसके साथ ही स्पेशल ब्रांच और काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट समेत खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है.
गैरकानूनी भीड़ जुटाने वाली गतिविधियों पर भी रोक
सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर हथियारों के प्रदर्शन और गैरकानूनी भीड़ जुटाने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगा दी है. हालांकि, शादी, जनाज़े, धार्मिक कार्यक्रम, कोर्ट की कार्रवाई और सरकारी काम से जुड़े कार्यक्रमों को इस पाबंदी से बाहर रखा गया है.
