Human vs Robot Fight Video : REK की ओर से जारी वीडियो में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फ्रेंकी लापेन्ना सैन फ्रांसिस्को में एक केज के अंदर रिमोट से चलाए जा रहे ह्यूमनॉइड रोबोट के सामने नजर आए. यह मुकाबला कंपनी के वर्चुअल रियलिटी कॉम्बैट गेम से जुड़े एक कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था. इसमें इंसान और रोबोट के बीच फाइट कराई गई. REK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करते हुए इसे पहला ‘इंसान बनाम टर्मिनेटर रोबोट फाइट’ बताया. कंपनी ने कहा कि इस मुकाबले के साथ एक नया इतिहास बना है. REK ने इन्फ्लुएंसर फ्रेंकी लापेन्ना की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने मुकाबले में अपना पूरा दम लगा दिया.
वीडियो में फाइट शुरू होने से पहले रोबोट केज में घूमकर मुकाबले के लिए तैयार होता दिखता है. मुकाबला शुरू होते ही फ्रेंकी लापेन्ना ने रोबोट पर कई मुक्के बरसाए. इसके जवाब में रोबोट ने भी मुक्के और जोरदार किक मारी. कुछ मौकों पर रोबोट की किक इतनी तेज थी कि लापेन्ना केज के दूसरे हिस्से तक जा गिरे. इसके बावजूद उन्होंने रोबोट से मुकाबला जारी रखा. REK के अनुसार, यह फाइट एक तेज-तर्रार वर्चुअल रियलिटी गेम तैयार करने की योजना का हिस्सा थी, जिसमें इंसान ह्यूमनॉइड रोबोट को कंट्रोल कर एक-दूसरे से मुकाबला करेंगे.
