पाकिस्तान में तूफान का तांडव, मकान ढहे, पेड़ गिरे, डर से कुरान की आयतें पढ़ने लगे लोग

Deadly Storm in Pakistan : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में तूफान और भारी बारिश ने तबाही मचाई. इससे जुड़ी घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो गई. तूफान के प्रकोप ने सड़क और हवाई यातायात को प्रभावित कर दिया. बड़े पैमाने पर बिजली की कटौती हुई, जिससे बड़ा इलाका अंधेरे में डूब गया. पंजाब में ज्यादातर मौतें दुखद रूप से ढह गए घरों या गिरे हुए होर्डिंग के नीचे दबने से हुई.

Deadly Storm in Pakistan : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शनिवार शाम तेज तूफान और भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 150 से अधिक घायल हो गए. पंजाब सरकार के अनुसार, तूफान इतना प्रचंड था कि उसने सड़क और हवाई यातायात को बाधित कर दिया, बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति को प्रभावित किया. स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है.

पंजाब सरकार के अनुसार, 13 करोड़ से अधिक की आबादी वाले प्रांत में अधिकांश मौतें जर्जर घरों के ढहने या गिरे हुए ‘बिलबोर्ड’ के नीचे दबने के कारण हुईं. प्रांतीय सरकार ने कहा, ‘‘पंजाब के विभिन्न हिस्सों में शक्तिशाली तूफान और भारी बारिश से संबंधित घटनाओं में बच्चों सहित कम से कम 20 लोग मारे गए और 150 से अधिक घायल हो गए.’’ तेज हवा और ओला वृष्टि ने संघीय राजधानी इस्लामाबाद और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत को भी प्रभावित किया जहां फसलों और बिजली के तारों भारी नुकसान पहुंचा. हालांकि, वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

घबराहट में कुरान की आयतें पढ़ने लगे लोग

भारी बारिश के साथ आए तूफान के कारण कई निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और कई जगहों पर पेड़ गिर गए. कराची से लाहौर जाने वाली एक निजी विमानन कंपनी की उड़ान एफएल-842 लाहौर हवाई अड्डे पर खराब मौसम की वजह से उतर नहीं सकी और यात्री बाल-बाल बचे. विमान में कंपन की वजह से उसमें सवार यात्रियों द्वारा घबराहट में कुरान की आयतें पढ़ने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. वीडियो में वे विमान के सुरक्षित उतरने के लिए प्रार्थना करते और रोते हुए दिखे.

खराब मौसम के कारण विमान हवाई अड्डा पर नहीं उतर सका, इसलिए हवाई यातायात नियंत्रक ने पायलट को विमान को वापस कराची ले जाने की सलाह दी.

घरों की दीवारें और छतें ढही

पंजाब के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के अनुसार, घरों की दीवारें और छतें ढहने तथा पेड़ के नीचे दबने से लाहौर और झेलम में तीन-तीन, सियालकोट और मुजफ्फरगढ़ में दो-दो तथा शेखपुरा, ननकाना साहिब, अटक, मुल्तान, राजनपुर, हाफिजाबाद, मियांवाली, झंग गुजरांवाला और लय्या में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. सौर पैनल और ‘बिलबोर्ड’ गिरने की दो दर्जन से अधिक घटनाएं दर्ज की गईं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >