US Iran War: चीन ने सभी मिडिल ईस्ट में सैन्य अभियानों को तुरंत रोकने की अपील की है. चीन की ओर से यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के होर्मुज जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय परिवहन के लिए खुला रखने के आह्वान के जवाब में आया है. ट्रंप ने चीन सहित अन्य देशों से अपने युद्धपोत यहां भेजने का अनुरोध किया था, ताकी इस रास्ते से परिवहन में कोई बाधा नहीं पहुंचे. अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है. इसके कारण दुनिया भर में तेज और गैस की आपूर्ति पर काफी गंभीर प्रभाव पड़ा है.
चीन का रुख साफ नहीं
चीन ने यह भी कहा कि वह इस महीने के अंत में ट्रंप की बीजिंग यात्रा को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने ट्रंप के जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के लिए युद्धपोत तैनात करने के आह्वान पर यहां मीडिया से बात करे हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के जलक्षेत्र में हालिया तनाव ने माल और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा के प्रवाह को प्रभावित किया है, साथ ही क्षेत्रीय शांति और वैश्विक स्थिरता को भी नुकसान पहुंचाया है.
आसमान छू रही है तेल की कीमतें
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत सोमवार को 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रही. शुरुआती कारोबार में यह 104 अमेरिकी डॉलर पर था, जो 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से लगभग 45 प्रतिशत का इजाफा है. संघर्ष के दौरान इसकी कीमत लगभग 120 अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई थी.
राष्ट्रपति ट्रंप ने की थी युद्धपोत भेजने की अपील
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा था कि उन्होंने लगभग सात देशों से युद्धपोत भेजने की मांग की है, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखा जा सके. लेकिन कई देशों ने इनके प्रस्ताव को नहीं माना है. रिपोर्ट के मुताबिक जर्मनी, जापान ने ना कर दिया है. वहीं का रुख साफ नहीं है.
ईरान युद्ध के कारण अपनी चीन यात्रा टाल सकते हैं राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान युद्ध के कारण इस महीने के अंत में होने वाली अपनी चीन यात्रा को स्थगित कर सकते हैं. हालांकि, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इसे होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बीजिंग पर दबाव डालने के प्रयास के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. बेसेंट ने बताया कि यदि ट्रंप की यात्रा में किसी कारणवश बदलाव होता है, तो यह केवल व्यवस्थागत कारणों से होगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति युद्ध की स्थिति का समन्वय वाशिंगटन में ही करना चाहते हैं, और ऐसे समय में विदेश यात्रा करना उपयुक्त नहीं होगा. ट्रंप ने संकेत दिया है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और ईरान युद्ध के कारण बढ़ती तेल कीमतों को कम करने में मदद के लिए चीन पर दबाव बनाना चाहते हैं. (भाषा इनपुट)
Also Read: LPG संकट होगा खत्म? मुंद्रा पोर्ट पहुंचा विशाल टैंकर शिवालिक, कल हो सकती है नंदा देवी की एंट्री
