August 15, 2026 as 'India Day' in America : अमेरिकी राज्यों में 'भारत दिवस' के तौर पर मनाया जायेगा 15 अगस्त

कई अमेरिकी राज्यों ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 15 अगस्त, 2026 को 'भारत दिवस' या 'भारत स्वतंत्रता दिवस' घोषित किया है. न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर कई पोस्टों के माध्यम से इन घोषणाओं को साझा किया है.

August 15, 2026 as 'India Day' in America : अमेरिका के कई राज्यों में 15 अगस्त, 2026 को 'भारत दिवस' के रूप में मनाने के लिए विशेष घोषणाएं की गयी हैं. अमेरिकी समाज में प्रवासी भारतीयों के बढ़ते योगदान को उजागर के उद्देश्य की गयी इन घोषणाओं का मूल संदेश है कि अमेरिका में रहने वाले भारतीय अपने देश की स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना सकें और उसकी विरासत, विविधता को साझा कर सकें. ये घोषणाएं भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले की गयीं, जिनमें भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया गया है.

भारत दिवस मनाने की घोषणा करने वाले अमेरिकी राज्य

न्यूयॉर्क : गवर्नर कैथी होचुल ने 15 अगस्त को पूरे न्यूयॉर्क में 'भारत स्वतंत्रता दिवस' के रूप में घोषित किया है. न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने 11 अगस्त को एक्स पर यह जानकारी साझा की.

न्यू जर्सी : गवर्नर मिकी शेरिल ने न्यू जर्सी में रहने वाले विशाल भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को सम्मान देते हुए 15 अगस्त को 'भारत स्वतंत्रता दिवस' घोषित किया है.

मैसाचुसेट्स : गवर्नर मौरा हीली ने 15 अगस्त को राज्य स्तर पर 'भारत दिवस' मनाने की घोषणा की. इसके साथ ही राज्य की राजधानी बोस्टन की मेयर मिशेल वू ने भी शहर के स्तर पर इसे भारत दिवस घोषित किया.

डेलावेयर : राज्य प्रशासन ने भारत के स्वतंत्रता दिवस और भारतीय समुदाय की भागीदारी को मान्यता देते हुए घोषणा की है कि राज्य स्तर पर 'भारत दिवस'मनाया जायेगा. डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा में कहा गया है कि अमेरिकी राज्य अपने समुदायों में व्याप्त अनेक संस्कृतियों और परंपराओं से मजबूत है, जिसमें बढ़ता भारतीय अमेरिकी समुदाय भी शामिल है, जिसकी उपस्थिति ने राज्य के चरित्र को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है.

अमेरिकी नागरिकता पाने में भारतीय दुनिया में दूसरे स्थान पर

अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के मामले में भारतीय नागरिक पूरी दुनिया में मैक्सिको के बाद दूसरे स्थान पर हैं. विभिन्न अमेरिकी जनसांख्यिकी विश्लेषणों, जैसे प्यू रिसर्च सेंटर और माइग्रेशन पॉलिसी इंस्टीट्यूट के अनुसार अमेरिका में भारतीय मूल के लगभग 49 लाख से 58 लाख लोग रहते हैं. अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) और यूएससीआईएस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हर साल लगभग 50,000 से 65,000 भारतीय आधिकारिक तौर पर अमेरिकी नागरिक बनते हैं. वर्ष 2024 में लगभग 49,700 भारतीयों को अमेरिकी नागरिकता मिली, जो अमेरिका में कुल दी गयी नागरिकता का लगभग 6.1 प्रतिशत है. वहीं 2023 में 59,100 के लगभग भारतीयों ने अमेरिका की नागरिकता हासिल की और 2022 में 65,960 भारतीय अमेरिकी नागरिक बने थे . वहीं अमेरिका में कुल अनुमानित 7.3 लाख एच-1बी वर्कर में से लगभग 5.2 लाख से 5.5 लाख भारतीय नागरिक हैं. इसलिए हर साल, भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 15 अगस्त को अमेरिका के राज्यों और शहरों में वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास, वाणिज्य दूतावासों और संयुक्त राष्ट्र में भारतीय मिशन में ध्वजारोहण समारोह, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं.




प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Singh Parihar

Senior Copywriter, 15 years experience in journalism. Have a good experience in Hindi Literature, Education, Travel & Lifestyle...
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >