आर्मी स्टाफ के प्रमुख (COAS) जनरल धीरज सेठ रविवार ( 16 अगस्त ) को नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे. वे 17 से 19 अगस्त 2026 तक नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर हैं. इस दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच मजबूत संबंधों को और बेहतर बनाने पर जोर रहेगा.
नेपाली सेना देगी गार्ड ऑफ ऑनर
नेपाल पहुंचने के बाद जनरल धीरज सेठ नेपाली सेना के मुख्यालय जाएंगे. यहां उन्हें औपचारिक रूप से ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा. उनकी यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है.
राष्ट्रपति भवन में होगा सम्मान समारोह
जनरल धीरज सेठ काठमांडू स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले विशेष सम्मान समारोह में भी शामिल होंगे. यह समारोह भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच चली आ रही अनोखी और पुरानी परंपरा के तहत आयोजित किया जा रहा है.
नेपाली सेना के ‘जनरल’ का मिलेगा मानद पद
नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल समारोह में जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के ‘जनरल’ का मानद पद प्रदान करेंगे. भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच एक-दूसरे के प्रमुखों को मानद सैन्य रैंक देने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है. यह दोनों पड़ोसी देशों के बीच गहरे सैन्य और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक मानी जाती है.
ये भी पढ़ें: इटली के म्यूजियम में हुई चोरी, करोड़ों की बेशकीमती कलाकृतियां गायब
