Video : ब्रिटेन के ब्रैडफोर्ड शहर में 5 अगस्त को ब्रिटिश कश्मीरी समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) के लोगों के समर्थन में प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान पर PoK में मानवाधिकारों के उल्लंघन, नागरिक स्वतंत्रताओं को कुचलने और स्थानीय लोगों पर दमनात्मक कार्रवाई करने के आरोप लगाए. रैली में बड़ी संख्या में लोग बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचे और संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) की मांगों का समर्थन करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की. इसका वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक्स पर शेयर किया है.
प्रदर्शन के दौरान वहां भाषण दे रहे लोगों ने दावा किया कि पिछले दो महीनों में पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के कारण आम नागरिकों में भय का माहौल बना है. उनका आरोप था कि इन अभियानों में कई नागरिक हताहत हुए हैं और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि PoK के लोगों के मौलिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सम्मानजनक जीवन के अधिकार का लगातार हनन हो रहा है.
ये भी पढ़ें: 370 हटने के 7 साल : जम्मू-कश्मीर विकास की ओर, PoJK में आर्थिक संकट से जूझ रहे लोग
अंतरराष्ट्रीय संगठनों से PoK की स्थिति पर ध्यान देने की मांग
रैली के आयोजकों ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों और वैश्विक समुदाय से PoK की स्थिति पर ध्यान देने की मांग की. उनका कहना था कि वहां के लोगों की आवाज लंबे समय से दबाई जा रही है और अब दुनिया को इस मुद्दे पर गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: PoK चुनाव पर भारत का प्रहार: MEA ने कहा- 90 हत्याओं के बाद चुनाव का नाटक कर रहा पाकिस्तान
