बांग्लादेशी मंत्री ने कहा, खालिदा पर लग सकता है हत्या का आरोप

ढाका: बांग्लादेश के प्रशासन ने आज मुख्य विपक्षी नेता खालिदा जिया पर हत्या का आरोप लगाने की धमकी दी और उनकी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को हिंसक घटनाओं को भडकाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को विपक्ष के राष्ट्रव्यापी बंद के पहले […]

ढाका: बांग्लादेश के प्रशासन ने आज मुख्य विपक्षी नेता खालिदा जिया पर हत्या का आरोप लगाने की धमकी दी और उनकी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को हिंसक घटनाओं को भडकाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को विपक्ष के राष्ट्रव्यापी बंद के पहले दिन गिरफ्तार किया गया. विवादित आम चुनाव के एक साल पूरा होने के मौके पर विपक्ष ने राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान कर रखा है.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आलमगीर को एक विशेष आरोप को लेकर गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्याय के सामने खडा करने के लिए कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं. उन्होंने इस पर ज्यादा ब्यौरा नहीं दिया.

मौके पर मौजूद रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ‘‘एक पुलिस अधिकारी उनकी कार में सवार हुआ और इसके तत्काल बाद कार चल पडी. इसके पीछे कारागार का वाहन और पुलिस के कई दूसरे वाहन रवाना हुए.’’ आलमगीर को सोमवार की रात से राष्ट्रीय प्रेस क्लब में रखा गया था. प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कल आलमगीर को मोटरसाइकिल से प्रेस क्लब में ले जाया गया जहां वह बीएनपी समर्थक पत्रकारों और पेशवरों को संबोधित करने वाले थे। वह पूरी रात इसके भीतर ही रहे ताकि गिरफ्तारी से बचा जा सके. बाद में उन्हें गिरफ्तार किया गया.

इस बीच, सूचना मंत्री हसनुल हक ईनू ने पिछले सप्ताह बीएनपी के कथित समर्थकों द्वारा आगजनी की घटना को लेकर खालिदा के खिलाफ हत्या का आरोप लगाए जाने की धमकी दी है.ईनू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उन्हें हत्या का आरोप का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए.’’ उन्होंने कहा कि गृह मंत्रलय ने हमले को लेकर खालिदा के खिलाफ मामला दर्ज करने की योजना बनाई है. प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी खालिदा पर देश में अराजतका पैदा करने के प्रयास का आरोप लगाया है.

गृह राज्य मंत्री असदुज्जमा खान कमाल ने बाद में कहा कि खालिदा की गिरफ्तारी के लिए अभी प्रक्रिया शुरु नहीं की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >