कराची : पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में दो अलगाववादी गुटों के बीच सशस्त्र संघर्ष में कम से कम 22 आतंकवादी मारे गए. एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि कोहलु और डेरा बुगती जिलों में कल रात यह सशस्त्र संघर्ष हुआ.
उन्होंने कहा, ‘‘ हमें सशस्त्र संघर्ष होने की सूचना मिली है लेकिन इस बात का सटीक पता नहीं लग पाया है कि इस संषर्घ में कितने लोग मारे गए है. हमें बताया गया है कि दोनों गुटों के कम से कम 22 आतंकवादी मारे गए हैं.’’ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक रिपोटरें में पुष्टि हुई है कि दोनों गुटों ने एक दूसरे के खिलाफ भारी एवं अत्याधुनिक हथियारों का प्रयोग किया जिससे दोनों गुटों के लोग बडी संख्या में मारे गए.
क्वेटा में एक सूत्र ने बताया कि दो अलगाववादी गुटों के बीच संघर्ष हुआ। ये गुट सरकार और सुरक्षा बलों के खिलाफ सक्रिय हैं. कोहलु और डेरा बुगती जिलों में बडी संख्या में अलगाववादी मौजूद हैं जो इलाके में अहम राष्ट्रीय संस्थानों और सुरक्षा बलों को नियमित रुप से निशाना बनाते हैं.
