कल्याणी : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की जनता ‘नोटबंदी’ का जवाब ‘वोटबंदी’ से देगी. सुश्री बनर्जी नदिया जिले के गायेशपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी कर लोगों को काफी तकलीफ दी थी. […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
कल्याणी : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की जनता ‘नोटबंदी’ का जवाब ‘वोटबंदी’ से देगी. सुश्री बनर्जी नदिया जिले के गायेशपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी कर लोगों को काफी तकलीफ दी थी.
राज्य की जनता उनको एक भी वोट नहीं देकर हिसाब चुकायेगी. उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की पार्टी भाजपा ने जीत हासिल की थी, लेकिन पिछले पांच वर्षों में सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है. वह यहां आकर झूठ बोल रहे हैं. चुनाव के समय वह उड़कर बंगाल आते हैं, उसके बाद फिर कभी नहीं दिखायी देते हैं.
सुश्री बनर्जी ने कहा कि मोदी का बंगाल से कोई संबंध नहीं है. वह बंगाल को पसंद नहीं करते हैं और न ही बंगाल के लोगों को पहचानते हैं. वह बंगाल की हर चीज से घृणा करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में हिंसा फैलाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा को लोकसभा चुनाव में पराजित करें.
विश्वशांति हो नवाचार व रचनात्मकता का लक्ष्य
कोलकाता : विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे विश्व शांति के लिए इस्तेमाल करने की नसीहत दी है. रविवार सुबह मुख्यमंत्री ने इस बारे में ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा कि आज विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस (डब्ल्यूसीआइडी) है. आइये, हम सभी रचनात्मक सोच को बढ़ावा दें.
मैं अपनी युवा पीढ़ी का आह्वान करती हूं कि वे इस दुनिया को जीने के लिए एक बेहतर जगह बनाने के लिए कला के साथ-साथ प्रौद्योगिकी में भी नवाचार को अपनायें. विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस पहली बार 21 अप्रैल 2018 को मनाया गया था. संयुक्त राष्ट्र में इसे मंजूरी दी थी, जिसके बाद दुनिया भर के देशों ने अपनाया थ.
यह लियोनार्डो दा विंची के जन्मदिन के छह दिन बाद और अंतरराष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस से एक दिन पहले मनाया जाता है, विश्व रचनात्मकता और नवाचार दिवस अच्छी तरह से रचनात्मक बहुआयामी सोच को प्रोत्साहित करने के लिए तैनात किया गया है, जिससे हमें उस स्थायी भविष्य को प्राप्त करने में मदद मिल सके जो हम चाहते हैं.
सीएम ने की श्रीलंका में हुए विस्फोटों की निंदा
कोलकाता. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने श्रीलंका में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों की निंदा करते हुए रविवार को कहा कि किसी भी रूप में हिंसा स्वीकार्य नहीं है. ममता ने ट्वीट किया : श्रीलंका से आ रही परेशान कर देनेवाली खबरों से दुखी और स्तब्ध हूं. हिंसा किसी भी रूप में हो, अस्वीकार्य है.
पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं.
गौरतलब है कि श्रीलंका में रविवार को इस्टर के मौके पर तीन गिरजाघरों और तीन पांच सितारा होटलों में सिलसिलेवार विस्फोटों में 160 लोग मारे गये हैं और 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं.