सहारनपुर में डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में जीजा और साले की मौत
सहारनपुर में बेहट कोतवाली क्षेत्र के गंदेवड़-हथनीकुंड़ बैराज रोड पर शनिवार की रात पूर्वी यमुना नहर के किनारे सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अनियंत्रित डंपर नहर में गिरने के बाद पलट गया. मौके पर पहुंची बेहट पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है. मृतक आपस में जीजा-साले थे और उनका शादी ब्याह में टैंट लगाने का काम था. हादसा रात करीब 8.00 बजे हुआ. मिर्जापुर पोल निवासी रिफाकत (22) पुत्र असलम अपने जीजा तौफीक (25) पुत्र रफीक निवासी गांव हबीबवाला थाना धामपुर जिला बिजनौर के साथ टैंट लगाने का काम करते थे. शनिवार की देर रात दोनों बाइक से मिर्जापुर क्षेत्र के गांव रायेपुर में टैंट लगाकर वापस लौट रहे थे. गंदेवड़ से पहले ही सामने से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. दोनों की बाइक समेत सड़क पर गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे पूर्वी यमुना नहर में जा गिरा और पलट गया. सूचना मिलते ही बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. तौफीक के मोबाइल फोन पर इसी बीच एक फोन कॉल आ जाने पर उसकी शिनाख्त हुई. पुलिस ने हादसे के बारे में कॉल करने वाले को जानकारी दी. इसके बाद मिर्जापुर में भी रिफाकत के परिवार को सूचना मिल गई.