Bihar News: सोनपुर में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक से छह लाख की लूट, अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

सारण के सोनपुर में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा से बुधवार को सात हथियारबंद बदमाशों ने लगभग पांच लाख 96 हजार रुपये लूट लिये और फरार हो गये. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

सारण जिला अंतर्गत सोनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदचक घेघटा स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा से बुधवार को सात हथियारबंद बदमाशों ने लगभग पांच लाख 96 हजार रुपये लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए बदमाश फरार हो गये. इसकी सूचना मिलते ही एसडीपीओ अंजनी कुमार व स्थानीय पुलिस पहुंची. सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. बैंक मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

सात लुटेरे बैंक पहुंचे, गन प्वाइंट पर लूटा

जानकारी के अनुसार, बैंक में बुधवार की दोपहर कर्मचारी काम में लगे थे. इसी दौरान सात लुटेरे बैंक के बाहर तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे, जिनमें से पांच अंदर दाखिल हुए. सभी ने रूमाल, मास्क व गमछे से मुंह से ढंक रखा था. बैंक के अंदर मौजूद लोगों के अनुसार, दो लुटेरे बैंक के मेन गेट पर खड़े थे. एक लुटेरे ने कैश काउंटर पर बैठे कैशियर पर पिस्तौल तान दी. वहीं दूसरे ने अन्य बैंक कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर ले लिया.

कैशियर से मांगा रकम, लूटकर भागे

कैश काउंटर पर बदमाश ने कैशियर को बैग थमा दिया और सारा कैश उसमें भरने की धमकी दी. डरे हुए बैंक कैशियर ने सारा कैश बैग में भर दिया और बैंक परिसर के दूसरे जगह से भी बदमाशों ने रुपये लिये. इसके बाद चंद मिनट में लुटेरे लूट की रकम लेकर फरार हो गये.

Also Read: Bihar News: गोपालगंज में शराबकांड के आरोपित को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर हमला, आठ लोग गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा

एसडीपीओ सह एएसपी अंजनी कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. लुटेरों ने दोपहर लगभग 1:15 बजे घटना को अंजाम दिया. बैंक से पांच लाख 96 हजार रुपये लूट की बात सामने आ रही है. फर्द बयान लिया जा रहा है. उसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. सभी बिंदुओं पर पुलिस नजर रखे हुए हैं. जांच के बाद ही विशेष कुछ कहा जा सकता है.

POSTED BY: Thakur Shaktilochan

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >