आठवें चरण के प्रमुख विधानसभा क्षेत्र और उम्मीदवार
आठवें चरण में जिन 35 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें 5 सीटें कोलकाता में हैं. उत्तर कोलकाता की बेलेघाटा, जोड़ासांको, श्यामपुकुर, मानिकतला और काशीपुर-बेलगछिया विधानसभा सीट पर मतदान है.
श्यामपुकुर से राज्य की महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री डॉ शशि पांजा चुनाव लड़ रहे हैं. उनके खिलाफ भाजपा के संदीपन विश्वास और फॉरवर्ड ब्लॉक के जीवन प्रकाश साहा चुनाव लड़ रहे हैं.
बेलेघाटा विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने परेश पाल को उतारा है. यहां से भाजपा के काशीनाथ विश्वास और माकपा के राजीव विश्वास चुनाव लड़ रहे हैं.
जोड़ासांको विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के विवेक गुप्ता के खिलाफ भाजपा ने कोलकाता की पूर्व डिप्टी मेयर मीना देवी पुरोहित को उतार दिया है. यहां से कांग्रेस के अजमल खान संयुक्त मोर्चा (कांग्रेस-लेफ्ट-आइएसएफ गठबंधन) के उम्मीदवार हैं.
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने काशीपुर-बेलगछिया विधानसभा सीट पर अति घोष को अपना उम्मीदवार बनाया है, तो भाजपा ने शिवाजी सिंहाराय को मैदान में उतारा है. माकपा की ओर से प्रदीप दासगुप्ता मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं.
मानिकतला विधानसभा सीट पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है. यहां से उपभोक्ता मामलों के मंत्री और वरिष्ठ तृणमूल नेता साधन पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं. भाजपा की ओर से पूर्व फुटबॉलर कल्याण चौबे ताल ठोंक रहे हैं, तो माकपा की रूपा बागची संयुक्त मोर्चा के उम्मीदवार के रूप में भाग्य आजमा रही हैं.
बीरभूम जिला के बोलपुर में भी जोरदार मुकाबला देखने को मिल सकता है. यहां से भाजपा ने अनिर्बान गांगुली को राज्य के मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा के खिलाफ उतारा है.
नानूर, मुराराई और लाभपुर में भी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है.