दिल्ली में स्कूली बच्चों के साथ पेले ने खेला था फुटबॉल, PM नरेंद्र मोदी ने निधन पर शोक व्यक्त किया

महान फुटबॉलर पेले के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है. पेले का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद 82 साल की उम्र में निधन हो गया. भारत से जुड़ाव की बात करें तो पेले ने सात साल पहले स्कूली बच्चों के साथ दिल्ली में फुटबॉल खेला था. उन्होंने उस समय भारत की जमकर तारीफ की थी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान फुटबॉल खिलाड़ी पेले के निधन पर शुक्रवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका उत्कृष्ट खेल आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा. एडसन अरांतेस डो नासिमेंटो यानी पेले का लंबे समय तक कैंसर से जूझने के बाद गुरुवार को निधन हो गया. वह 82 वर्ष के थे. मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि पेले के निधन से खेल की दुनिया में एक अपूरणीय शून्य पैदा हो गया है. वैश्विक फुटबॉल के सुपरस्टार, उनकी लोकप्रियता सीमाओं से परे रही. उनका उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और उनकी सफलताएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी. उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना.

2015 में स्कूली बच्चों संग खेला था फुटबॉल

सात साल पहले दिल्ली आये महान फुटबॉलर पेले ने उस समय कहा था कि मेरे लिये दुनिया के सबसे बड़े खेल का आनंद भारत में बच्चों के साथ लेना फख्र की बात है. पेले अक्टूबर 2015 में दिल्ली आये थे और फुटबॉल के अपने फन के कारण नहीं बल्कि अपनी विनम्रता और इस खूबसूरत खेल के दूत के रूप में लोगों का दिल जीत लिया था. दो दिन की यात्रा पर उन्होंने भारतीय फुटबॉलप्रेमियों और लोगों से बात की थी. वह 17 अक्टूबर 2015 को अंबेडकर स्टेडियम पर सुब्रोतो कप अंडर 17 इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में मुख्य अतिथि थे.

2018 में भी दिल्ली आये थे पेले

वह कोलकाता से दिल्ली आये थे. वह 2018 में फिर दिल्ली आये लेकिन एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में. कोलकाता ने जहां पेले के फन का जादू देखा तो दिल्ली ने फुटबॉल के दूत के रूप में उनके व्यक्तित्व का एक दूसरा पहलू जाना. वह फुटबॉल में अपनी पहचान बनाने की कोशिश में जुटे ‘एक बेहद खास देश’ की मदद करना चाहते थे. उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा था कि आपको बेस बनाना होगा. भारत बहुत खास देश है और यहां के प्रशंसक जबर्दस्त हैं. मुझे उम्मीद है कि मेरी यात्रा से भविष्य के चैम्पियन खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी.

Also Read: Pele Death: फुटबॉल के महानायक पेले का निधन, रिकॉर्ड तीन बार विश्वकप जीतने वाले दिग्गज ने कहा अलविदा
भारत में पेले के कई प्रशंसक

दिल्ली फुटबॉल संघ के पूर्व अध्यक्ष और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के मौजूदा महासचिव शाजी प्रभाकरण ने कहा कि पेले ने दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित किया. हमने कोलकाता और दिल्ली में उनके लिये फुटबॉलप्रेमियों की दीवानगी देखी. उन्होंने कहा कि उनका जन्मदिन दिल्ली में ग्रासरूट्स डेवलपमेंट डे के रूप में मनाया जाता है. फुटबॉल दिल्ली ने पिछले साल यह फैसला लिया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >