कोलकाता : पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का किला भेदने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार (25 फरवरी) को सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 294 रथ रवाना किये. बंगाल की सत्ता पर काबिज होने के लिए शुरू हुई इस एलईडी यात्रा को ‘लक्ष्य सोनार बांग्ला’ नाम दिया गया है. बंगाल के 5 सांगठनिक जोन में चल रही 5 परिवर्तन यात्रा पहले से जारी है.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस एलईडी यात्रा को कोलकाता में हरी झंडी दिखायी. एलईडी डिस्प्ले से लैस ये वैन अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जायेंगे. एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण लोगों को सुनाया जायेगा. केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में भी बंगाल के मतदाताओं के बीच प्रचार-प्रसार इस एलईडी के जरिये किया जायेगा.
बंगाल के लोग बतायेंगे अपनी समस्या
परिवर्तन यात्रा की समाप्ति से पहले शुरू हुई इस एलईडी रथ यात्रा का समापन कब होगा, इसके बारे में स्पष्ट जानकारी भाजपा की ओर से नहीं दी गयी है. पार्टी ने कहा है कि एलईडी यात्रा चुनाव पर्यंत चलती रहेगी. हर रथ पर एक सुझाव पेटी (Suggestion Box) रखी जायेगी. लोग कैसा बंगाल चाहते हैं, इसके बारे में अपने सुझाव इस पेटी में डालेंगे.
लोगों से अपील की गयी है कि वे यह भी बतायें कि उनके इलाके में कौन-कौन सी समस्याएं हैं, जिसका वे तत्काल निदान चाहते हैं. रथ के साथ स्थानीय नेता भी रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनेंगे. उसे रिकॉर्ड करेंगे. इसके लिए बाकायदा हर रथ पर स्मार्ट फोन और टैब रखे गये हैं. सुझाव पेटी में आने वाले सुझावों को केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जायेगा.
30 हजार सुझाव पेटियों की मदद से बनेगा भाजपा का घोषणा पत्र
भाजपा का कहना है कि लोगों के इन्हीं सुझावों और शिकायतों के आधार पर पार्टी बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के लिए अपना घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) तैयार करेगी. रथ के अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 100 सुझाव पेटियां लगायी जायेंगी और लोगों के सुझाव मांगे जायेंगे. राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों में करीब 30 हजार सुझाव पेटियां रखी जायेंगी.
Posted By : Mithilesh Jha
