Bihar News: गोपालगंज में युवक को फोन करके बुलाया ताड़ी पीने के लिए, तेजाब पिलाकर कर दी हत्या

बिहार के गोपालगंज में अपराधियों ने एक युवक को ताड़ी पीने के बहाने बुलाया और तेजाब पीला कर हत्या कर दी. मृतक पर पहले भी दो बार जानलेवा हमला हो चुका था. लेकिन हर बार अपराधी असफल हो जाते थे.

बिहार के गोपालगंज में एक युवक की तेजाब पिलाकर हत्या कर दी गई है. परिजनों का आरोप है उनकी हत्या साजिश के तहत की गई है. यह घटना गोपालगंज के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के झझवा गांव की बताई गई है. पुलिस ने घटना स्थल से एक ग्लास में तेजाब बरामद किया है. मृतक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में की गई है.

फोन करके युवक को बुलाया 

परिजनों का आरोप है की अपराधियों ने अरुण को ताड़ी पीने के लिए फोन करके बगीचे में बुलाया था. जहां उसकी ताड़ी की जगह तेजाब पिलाकर हत्या कर दी गई. उसके शरीर पर कई जगह रॉड से हमले के निशान मिले साथ ही उसका चेहरा और गर्दन तेजाब से जला हुआ है. पुलिस ने तेजाब हमले की पुष्टि की है. हत्या के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और फिर गांव में दाह-संस्कार किया गया.

पहले भी हुआ है हमला 

मृतक के ऊपर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है. परिजनों के मुताबिक 2019 में अरुण पर बम से हमला हुआ था और छह महीने पहले उसे गोली भी मारी गई थी लेकिन इन हमलों में उनकी जान बच गई थी. इस बार फिर से अपराधियों ने हत्या का प्लान बनाया और कामयाब हो गए.

पुलिस कर रही जांच 

हत्या की जांच के बाद पुलिस ने बताया की अभी तक परिजनों की तरफ से कोई भी लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस ने परिजनों से मामले में लिखित आवेदन मांगा है. पुलिस ने बताया जिसकी हत्या हुई है उसका पड़ोसियों से विवाद चल रहा था. अभी फिलहाल मौत के अलग अलग कारणों की जांच की जा रही है.

क्या है मामला 

बताया जा रहा है की अरुण को किसी ने शाम के वक्त फोन करके बुलाया था लेकिन उसके बाद अरुण का अगले दिन तक कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी जिसके बाद उसकी लाश बगीचे में मिली. साथ ही घटनास्थल पर तेजाब का ग्लास मिल जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने रात में पोस्टमार्टम किया और आगे मामले की छानबीन कर रही है पर अभी तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >