US Open सेमीफाइनल में पहुंचे फ्रांसिस टियाफो, रोडिक के बाद ऐसा करने वाले पहले अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी

फ्रांसिस टियाफो अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले मेजबान देश के पहले खिलाड़ी बने. नौवें वरीय रूबलेव को 7-6 (3), 7-6 (0), 6-4 से हराया.

फ्रांसिस टियाफो (Frances Tiafoe) अपने से बेहतर रैंकिंग वाले आंद्रे रूबलेव को बुधवार को यहां सीधे सेट में हराकर 2006 में एंडी रोडिक के बाद अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले मेजबान देश के पहले खिलाड़ी बने. चौथे दौर में 22 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन रफेल नडाल को हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले 22वें वरीय टियाफो ने एक और उपलब्धि हासिल करते हुए नौवें वरीय रूबलेव को 7-6 (3), 7-6 (0), 6-4 से हराया.

सेमीफाइनल में अल्कारेज से होगी भिड़ंत

24 साल के टियाफो ने कहा, ‘मैं दुनिया को यह दिखाना पसंद करता हूं कि मैं क्या कर सकता हूं. मैं बस कोर्ट पर उतरकर दर्शकों को वह देना चाहता हूं जो वे चाहते हैं – और यही मुझे जीत दिला रहा है.’ इस बार टूर्नामेंट के पुरुष एकल में ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं बचा है जिसने कोई बड़ा खिताब जीता हो. सेमीफाइनल में टियाफो की भिड़ंत शुक्रवार को स्पेन के तीसरे वरीय कार्लोस अल्कारेज से होगी जिन्होंने 11वें वरीय यानिक सिनर को 6-3, 6-7 (7), 6-7 (0), 7-5, 6-3 से हराया.

Also Read: US Open के क्वार्टर फाइनल से सभी दिग्गज खिलाड़ी बाहर, क्या यह एक युग का अंत है?
अल्कारेज पहली बार ग्रैंडस्लैम सेमीफाइनल में पहुंचे

अल्कारेज और सिनर के बीच यह मुकाबला पांच घंटे और 15 मिनट तक चला. यह क्वार्टर फाइनल मैच गुरुवार तड़के दो बजकर 50 मिनट तक चला जो अमेरिकी ओपन के इतिहास में सबसे देर से खत्म होने वाला मुकाबला है. इससे पहले अमेरिकी ओपन में सबसे देर से खत्म होने वाला मुकाबला तड़के दो बजकर 26 मिनट तक चला था. उन्नीस साल के अल्कारेज पहली बार ग्रैंडस्लैम सेमीफाइनल में पहुंचे हैं और 1990 में 19 साल की उम्र में पीट सम्प्रास के अमेरिकी ओपन का खिताब जीतने के बाद टूर्नामेंट में इतने आगे तक पहुंचने वाले वह सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी हैं.

2006 में एंडी रोडिक ने किया था कमाल

बुधवार को आर्थर ऐश स्टेडियम में मौजूद रोडिक 16 साल पहले खिताबी मुकाबले में रोजर फेडरर से हार गए थे. वह न्यूयॉर्क में सेमीफाइनल में पहुंचने वाले आखिरी अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी थे. रोडिक 2003 अमेरिकी ओपन में खिताबी जीत के साथ कोई भी ग्रैंडस्लैम एकल चैंपियनशिप जीतने वाले देश के अंतिम पुरुष खिलाड़ी भी हैं. टियाफो ने बुधवार को आक्रामक टेनिस खेला और एक बार भी अपनी सर्विस नहीं गंवाई. उन्होंने रूबलेव के खिलाफ शानदार वॉली के अलावा 18 ऐस भी लगाए. रूस के रूबलेव की ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में यह छह मैच में छठी हार है. टियाफो ने नेट पर 41 में से 31 अंक जीते जबकि रूबलेव केवल 11 बार नेट पर आए.

इगा स्वियाटेक भी सेमीफाइनल में

बुधवार को महिलाओं के क्वार्टर फाइनल में दुनिया की नंबर एक इगा स्वियाटेक ने अमेरिका की नंबर आठ खिलाड़ी जेसिका पेगुला को 6-3, 7-6 से हराया. शीर्ष 10 में शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ यह उनकी लगातार आठवीं जीत है. स्वियाटेक सेमीफाइनल में छठे नंबर की एरिना सबालेंका से भिड़ेंगी जिन्होंने कैरोलिना प्लिस्कोवा पर 6-1, 7-6 से जीत हासिल की. स्वियाटेक फ्रेंच ओपन में दो बार की चैंपियन हैं लेकिन इस साल से पहले कभी न्यूयॉर्क में चौथे दौर से आगे नहीं बढ़ी थी. स्वियाटेक ने कहा, ‘टूर्नामेंट की शुरुआत में मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी.’ अन्य महिला सेमीफाइनल में गुरुवार को पांचवें नंबर की ओन्स जेब्युर की भिड़ंत 17वें नंबर की कैरोलिन गार्सिया होगी जिन्होंने मंगलवार को 18 वर्षीय अमेरिकी कोको गॉफ को हराया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >