देवघर में PDS घोटाला? 368 कार्डधारियों के निवाले पर संकट, गोदाम से ही सप्लाई हुआ सड़ा हुआ चावल और गेहूं

Deoghar News: देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड अंतर्गत दरंगा पंचायत के एक पीडीएस डीलर मोती यादव ने विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर की है. डीलर साढ़े पांच बोरा सड़ा हुआ चावल और चार बोरा खराब गेहूं लेकर टोटो से 45 किलोमीटर दूर समाहरणालय पहुंचा. आरोप है कि फरवरी 2026 में मिले स्टॉक में सड़ा हुआ अनाज निकला था, जिसे बार-बार शिकायत के बावजूद बदला नहीं गया.

Deoghar News, देवघर, (संजीत मंडल की रिपोर्ट): प्रशासनिक संवेदनहीनता का एक अनोखा और दुखद मामला गुरुवार को देवघर समाहरणालय में देखने को मिला. देवीपुर प्रखंड के दरंगा पंचायत अंतर्गत डेढ़मुक्का गांव के पीडीएस डीलर ‘पूजा एसएचजी’ के संचालक मोती यादव करीब 45 किलोमीटर की दूरी निजी टोटो से तय कर जिला मुख्यालय पहुंचे. चौंकाने वाली बात यह थी कि उनके टोटो पर साढ़े पांच बोरा खराब चावल और चार बोरा सड़ा हुआ गेहूं लदा था. मोती यादव इन बोरों को प्रमाण के रूप में लेकर उपायुक्त (DC) से शिकायत करने पहुंचे थे, हालांकि उस वक्त उपायुक्त कार्यालय में मौजूद नहीं थे.

फरवरी से लंबित है अनाज बदलने का मामला

मोती यादव ने बताया कि फरवरी 2026 में डीएसडी (DSD) देवघर के माध्यम से उन्हें कुल 25 बोरा (लगभग 12.5 क्विंटल) अनाज उपलब्ध कराया गया था. अनाज प्राप्ति के समय ही अधिकांश बोरों में सड़ा हुआ चावल और गेहूं पाया गया. इस पर उन्होंने तत्काल डीएसडी के प्रतिनिधि को सूचित किया था. उस समय उन्हें आश्वासन दिया गया था कि खराब अनाज जल्द बदल दिया जाएगा, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

Also Read: हजारीबाग के सीआरसी केंद्र बने ‘भूत बंगला’, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

368 कार्डधारियों के सामने राशन का संकट

डीलर के अनुसार, उनके केंद्र से कुल 368 कार्डधारी जुड़े हुए हैं, जिनमें 334 लाल कार्ड, 6 अंत्योदय और 28 ग्रीन कार्डधारी शामिल हैं. खराब गुणवत्ता के कारण लाभुकों ने अब अनाज लेने से साफ इनकार कर दिया है. डीलर ने कहा, “मजबूरी में कुछ लोगों को पहले अनाज दिया गया था, लेकिन अब वे विरोध कर रहे हैं. लाभुकों को अच्छा अनाज देना मेरी जिम्मेदारी है, लेकिन विभाग खराब स्टॉक दे रहा है.”

जांच और अदला-बदली की मांग

मोती यादव ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए कि आखिर गोदाम से सड़ा हुआ अनाज सप्लाई कैसे हुआ. उन्होंने जल्द से जल्द खराब स्टॉक को बदलने और पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. फिलहाल, समाहरणालय में सड़े अनाज की बोरियों को देखकर वहां मौजूद लोग भी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.

Also Read: रामगढ़ में जलापूर्ति के लिए जिला प्रशासन की बड़ी पहल, चापानलों की हुई मरम्मत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >