Gorakhpur : यूपी के गोरखपुर में एक तरफा प्यार में एक प्रेमी द्वारा छात्रा पर हमला करने का मामला सामने आया है. छात्रा के सहेली की माने तो हमला करने वाला युवक छात्रा पर दबाव बना रहा था और उसे धमकी देता था. उसने छात्रा को धमकी दिया था कि अगर वह उससे दोस्ती नहीं करेगी तो वो उसको घर से निकला मुश्किल कर देगा. यह घटना गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 की है.
आरोपी छात्रा पर दोस्ती का बना रहा था दबाव
दरअसल, छात्रा शुक्रवार की देर शाम अपनी सहेलियों के साथ खेत की तरफ गई थी. जहां पर पहले से घात लगाए बैठे युवक ने छात्रा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. चीख-पुकार सुन कर आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. घायल छात्रा को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए. इस दौरान छात्रा ने अपनी आप बीती बताई. उसने बताया कि उसके चाचा के रिश्तेदार के बेटे ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया है. जिससे वह घायल हो गई है.
पीड़ित छात्रा के परिजनों की माने तो उनकी रिश्तेदारी का ही एक युवक उससे एक तरफा प्रेम करता है. और छात्रा उसे नापसंद करती है. काफी दिनों से वह उससे दोस्ती करने का दबाव बना रहा था और उसे परेशान कर रहा था. छात्रा इसका लगातार विरोध कर रही थी. शुक्रवार की रात में छात्रा अपनी सहेलियों के साथ खेत की तरफ निकली हुई थी. छात्रा को देखते ही युवक उसके पीछे आ गया. और वहां दोस्ती करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया.
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
जिसका छात्रा ने विरोध किया, जिसके बाद युवक ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया. बचाने की कोशिश में छात्रा के दोनों हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं. छात्रा के सहेलियों के शोर मचाने पर गांव और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों को आता देख मौके से युवक फरार हो गया.
जिसके बाद घायल छात्रा को लेकर परिवार वाले मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद छात्रा के भाई ने पुलिस में इसकी शिकायत की है. थानाध्यक्ष पिपराइच नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रा के भाई की तहरीर पर हत्या की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
रिपोर्ट –कुमार प्रदीप, गोरखपुर
