Power Off vs Restart: दोनों में क्या है फर्क? जानें कब क्या करना चाहिए?

Power Off vs Restart: फोन स्लो या हैंग कर रहा है तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं. एक सिंपल रीस्टार्ट ही काफी है, क्योंकि इससे सिस्टम फ्रेश होकर फिर से स्मूद चलने लगता है. वहीं, अगर फोन गर्म हो रहा हो या लंबे समय तक यूज नहीं करना हो, तब उसे पूरी तरह पावर ऑफ करना ज्यादा सही ऑप्शन रहता है. आइए इसे डिटेल में समझते हैं.

Power Off vs Restart: जब आप अपना फोन बंद करते हैं, तो उसके साथ ही सभी बैकग्राउंड प्रोसेस भी पूरी तरह रुक जाते हैं. फिर चाहे आप उसे दोबारा ऑन करें या रीस्टार्ट करें, हर बार फोन शुरुआत से बूट होता है. यानी ऑपरेटिंग सिस्टम लोड होता है, हार्डवेयर दोबारा कॉन्फिगर होता है और बैकग्राउंड में चलने वाले ऐप्स फिर से शुरू होते हैं. यही वजह है कि इसके बाद फोन अक्सर पहले से ज्यादा स्मूद और तेज महसूस होता है. अब सवाल ये है कि आखिर रीस्टार्ट और पावर ऑफ में फर्क क्या है? आइए आपको बताते हैं.

रीस्टार्ट और पावर ऑफ में क्या है असली फर्क?

फोन को रीस्टार्ट करने और पूरी तरह पावर ऑफ करने में असल फर्क सिर्फ इतना है कि वह कितनी देर तक बंद रहता है. रीस्टार्ट में फोन बंद होकर खुद ही तुरंत वापस ऑन हो जाता है, जबकि पावर ऑफ करने पर फोन पूरी तरह बंद होने के बाद उसे दोबारा कब ऑन करना है, यह आपके हाथ में होता है. सिस्टम के लिहाज से दोनों लगभग एक जैसे ही हैं.

कई लोग मानते हैं कि फोन को पूरी तरह बंद करने से कोई ‘डीप क्लीन’ हो जाती है, लेकिन ऐसा नहीं है. फोन की मेमोरी साफ करने या अटके हुए प्रोसेस खत्म करने में रीस्टार्ट भी उतना ही असरदार है. इसलिए, अगर आपका फोन थोड़ा स्लो लग रहा है या हैंग कर रहा है, तो उसे रीस्टार्ट करना सबसे आसान, तेज और असरदार तरीका है.

फोन को कब पावर ऑफ करना फायदेमंद है?

कुछ सिचुएशन में फोन को कुछ समय के लिए बंद रखना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है. मान लीजिए आप बैटरी बचाना चाहते हैं, तो फोन पावर ऑफ करना एक अच्छा ऑप्शन है. लेकिन यहां एक बात ध्यान रखने वाली है. इससे होने वाली बैटरी बचत बहुत ज्यादा नहीं होती. आमतौर पर, फोन बंद रखने और स्लीप मोड में छोड़ने के बीच बैटरी का अंतर सिर्फ कुछ परसेंट का ही होता है.

इतना ही नहीं, जब आप फोन दोबारा ऑन करते हैं, तो बूट होने के दौरान थोड़ी एक्स्ट्रा बैटरी भी खर्च होती है. इसलिए, अगर आप फोन को सिर्फ कुछ मिनटों या एक-दो घंटों के लिए बंद करने की सोच रहे हैं, तो इसका कोई खास फायदा नहीं मिलेगा. हां, अगर आप 8 घंटे या उससे ज्यादा समय तक फोन यूज नहीं करने वाले हैं तब फोन बंद करना बैटरी बचाने के लिहाज से बेहतर हो सकता है.

अगर आपका फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो उसे पूरी तरह पावर ऑफ करना सबसे बेहतर ऑप्शन है. हालांकि, इस केस में सिर्फ रीस्टार्ट करने से ज्यादा फायदा नहीं होता, क्योंकि फोन दोबारा चालू होते ही बैकग्राउंड में सभी प्रोसेस फिर से रन करने लगते हैं. वहीं, फोन को पूरी तरह बंद करने पर सारी एक्टिविटी रुक जाती हैं, जिससे डिवाइस को आराम मिलता है और वह तेजी से ठंडा हो पाता है. इसलिए, जब भी फोन ओवरहीट हो, कुछ देर के लिए उसे पावर ऑफ कर देना सही रहता है.

यह भी पढ़ें: रोज, हफ्ते या महीने में? कब करना चाहिए अपने फोन को रीस्टार्ट, जानें फायदे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankit Anand

अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >