अब ChatGPT बताएगा आपकी सैलरी कहां उड़ रही है, खर्च और बचत का पूरा हिसाब, आया नया फीचर

ChatGPT Personal Finance Feature: OpenAI ने ChatGPT को सिर्फ सवाल-जवाब वाला टूल नहीं रहने दिया है. यह अब यह आपकी रोजमर्रा की पैसों से जुड़ी आदतों को समझने में भी मदद कर सकता है. बैंक अकाउंट जोड़ने पर ये खर्च, बचत और निवेश का पैटर्न समझकर ऐसे जवाब देता है, जैसे कोई पर्सनल फाइनेंस असिस्टेंट आपके साथ बैठा हो.

OpenAI ने अब ChatGPT के अंदर एक नया पर्सनल फाइनेंस (Personal Finance) फीचर शुरू किया है. यह फीचर पैसों को समझना काफी आसान बना सकता है. आसान शब्दों में कहें तो अब यूजर्स अपने बैंक अकाउंट, क्रेडिट कार्ड और इन्वेस्टमेंट अकाउंट सीधे ChatGPT से कनेक्ट कर सकते हैं. इसके बाद AI आपके खर्च, सेविंग्स और इन्वेस्टमेंट को समझकर बेहतर तरीके से जानकारी देने में मदद करेगा. फिलहाल यह फीचर सिर्फ अमेरिका में Pro यूजर्स के लिए उपलब्ध है. कंपनी ने बताया है कि आने वाले समय में Plus यूजर्स को भी यह सुविधा मिलेगी, और धीरे-धीरे इसे सभी यूजर्स के लिए खोलने की तैयारी है. आइए इस फीचर के बारे में डिटेल में जानते हैं.

यह फीचर कैसे काम करता है और आप इससे क्या पूछ सकते हैं?

अगर आप अपना अकाउंट कनेक्ट कर देते हैं, तो ChatGPT आपके पैसों का पूरा हिसाब एक ही जगह दिखाने लगता है. यानी आपने कहां कितना खर्च किया, कितने इन्वेस्ट हैं, कौन-कौन से सब्सक्रिप्शन चल रहे हैं और आने वाले बिल या पेमेंट क्या हैं. सब कुछ एक डैशबोर्ड में नजर आता है. कंपनी का कहना है कि यह फीचर Plaid के इंटीग्रेशन के जरिए 12,000 से ज्यादा फाइनेंशियल संस्थानों के साथ काम करता है. यानी अगर आप अपने अलग-अलग बैंक या निवेश खातों को जोड़ना चाहते हैं, तो ऑप्शन की कमी नहीं होगी. इसमें कई बड़े नाम शामिल हैं, जैसे Chase, Fidelity, Robinhood, Charles Schwab, American Express और Capital One.

आप उससे सीधे ऐसे सवाल पूछ सकते हैं, जो आमतौर पर लोग सोचते तो हैं लेकिन पूछने से बचते हैं. जैसे, क्या इस महीने मेरा खर्च ज्यादा हो रहा है? क्या मैं अगले पांच साल में घर खरीदने की सिचुएशन में रहूंगा? कौन-से सब्सक्रिप्शन ऐसे हैं जिनके पैसे अब भी कट रहे हैं और मुझे याद भी नहीं?

इन सवालों के जवाब देने के लिए चैट्स डिफॉल्ट रूप से OpenAI के GPT-5.5 Thinking मॉडल पर चलते हैं. वहीं Pro यूजर्स को GPT-5.5 Pro भी मिलता है, जिसे कंपनी ज्यादा जटिल फाइनेंशियल सवालों को बेहतर तरीके से समझने वाला मॉडल बताती है. इसे इस्तेमाल करने के लिए बस साइडबार में Finances खोलना होता है, या सीधे चैट में ‘@Finances’ टाइप करके शुरू कर सकते हैं.

क्या-क्या देख सकता है ये फीचर और कैसे हटाएं इसे

इस फीचर की मदद से ChatGPT आपकी पैसों से जुड़ी जानकारी जैसे बैंक बैलेंस, ट्रांजैक्शन, निवेश और कर्ज देख सकता है. लेकिन यह आपके पैसे ट्रांसफर नहीं कर सकता और न ही आपके बैंक अकाउंट का पूरा नंबर देख पाता है. अगर बाद में आपका मन बदल जाए, तो आप कभी भी अपना अकाउंट डिस्कनेक्ट कर सकते हैं. ऐसा करने पर जो डेटा सिंक हुआ है, वह 30 दिनों के अंदर हटा दिया जाएगा. 

आप चाहें तो ChatGPT की ‘financial memories’ भी मिटा सकते हैं. यानी जैसे आपने इसे बताया हो कि आपके ऊपर होम लोन है या आपने अपने माता-पिता से पैसे उधार लिए हैं. इससे आगे मिलने वाले जवाब आपकी सिचुएशन के हिसाब से थोड़े ज्यादा पर्सनल लग सकते हैं. Temporary chat में तो यह आपके अकाउंट्स को बिल्कुल नहीं छूता.

Hiro की टीम के साथ मिलकर तैयार हुआ यह फीचर

यह फीचर उस समय आया है जब एक महीने पहले OpenAI ने पर्सनल फाइनेंस स्टार्टअप Hiro को खरीद लिया था. Hiro की टीम ने इस फीचर को बनाने में मदद की है, हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि डील कितने की हुई. अब अगला सपोर्ट Intuit का आने वाला है, जिससे ChatGPT के अंदर ही स्टॉक बेचने पर लगने वाले टैक्स का अंदाजा और क्रेडिट कार्ड मिलने की संभावना जैसी जानकारी भी मिल सकेगी.

यह भी पढ़ें: एलन मस्क का विवादित बयान: इंस्टाग्राम को बताया ‘लड़कियों का ऐप’, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ankit anand

अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >