OnePlus ने अपने नए OnePlus Nord Buds 4 TWS ईयरबड्स भारत में लॉन्च कर दिए हैं. ये कंपनी की Nord ऑडियो सीरीज का नया प्रोडक्ट है और इससे पहले पेश किए गए Nord Buds 4 Pro के साथ लाइनअप में शामिल हुए हैं. नए ईयरबड्स में 52dB तक एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC), 12mm टाइटेनियम-कोटेड ड्राइवर, Bluetooth 6.1, AI फीचर्स और लंबी बैटरी लाइफ जैसे कई एडवांस्ड फीचर्स दिए गए हैं.
OnePlus Nord Buds 4 की कीमत और उपलब्धता
भारत में OnePlus Nord Buds 4 की कीमत 3,299 रुपये रखी गई है. हालांकि लॉन्च ऑफर के तहत इन्हें 3,099 रुपये में खरीदा जा सकेगा. ये ईयरबड्स Stellar Black और Astral Teal दो कलर ऑप्शन में उपलब्ध होंगे. इनकी सेल 29 जून से OnePlus India की वेबसाइट, OnePlus Store App, OnePlus Experience Store, Amazon, Flipkart, Blinkit, Myntra और देशभर के चुनिंदा रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी.
मिलेगा दमदार ऑडियो एक्सपीरियंस
OnePlus Nord Buds 4 में 12mm टाइटेनियम-कोटेड डायनेमिक ड्राइवर दिए गए हैं, जो बेहतर साउंड क्वालिटी देने का दावा करते हैं. इनमें 52dB तक Active Noise Cancellation (ANC) का सपोर्ट मिलता है. कंपनी के मुताबिक, यह पिछले मॉडल के मुकाबले करीब 200% बेहतर तरीके से शोर कम करता है. बेहतर कॉलिंग के लिए ईयरबड्स में 6 माइक्रोफोन दिए गए हैं, जो AI बेस्ड क्लियर कॉल तकनीक के साथ आते हैं. यह टेक्नोलॉजी 25kmph तक की हवा में भी आवाज को साफ रखने में मदद करती है.
गेमिंग और कनेक्टिविटी फीचर्स
इन ईयरबड्स में 3D स्पेशियल ऑडियो (3D Spatial Audio), गेम स्पेशियल ऑडियो (Game Spatial Audio), मास्टर ट्यूनिंग मोड (Master Tuning Mode) और कस्टम EQ प्रीसेट्स का सपोर्ट मिलता है. कनेक्टिविटी के लिए इनमें Bluetooth 6.1, गूगल फास्ट पेयर, माइक्रोसॉफ्ट स्विफ्ट पेयर, डुअल डिवाइस कनेक्टिविटी और स्मार्ट ब्लूटूथ राउटिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी का दावा है कि इसकी Bluetooth रेंज 250 मीटर तक है. गेमर्स के लिए इसमें 47ms लो-लेटेंसी गेमिंग मोड भी दिया गया है. यह AAC और SBC ऑडियो कोडेक्स को सपोर्ट करता है.
बैटरी लाइफ और फास्ट चार्जिंग
कंपनी के अनुसार, ANC बंद होने पर OnePlus Nord Buds 4 केवल ईयरबड्स पर 13 घंटे तक का प्लेबैक देते हैं, जबकि चार्जिंग केस के साथ कुल 54 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलती है. वहीं ANC ऑन रहने पर ईयरबड्स 6.5 घंटे और चार्जिंग केस के साथ कुल 27 घंटे तक चल सकते हैं. इसमें फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है. कंपनी का दावा है कि सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में चार्जिंग केस के साथ 11 घंटे और केवल ईयरबड्स पर 4 घंटे तक का प्लेबैक मिल सकता है.
IP55 रेटिंग और AI फीचर्स
OnePlus Nord Buds 4 को IP55 डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंस रेटिंग मिली है, जिससे ये धूल और पानी की हल्की फुहारों से सुरक्षित रहते हैं. हर ईयरबड का वजन 4.3 ग्राम है, जबकि चार्जिंग केस के साथ कुल वजन 42.5 ग्राम है. इसके अलावा, इनमें AI Translate, AI Assistant सपोर्ट और TUV Rheinland Battery Health सर्टिफिकेशन जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जो बैटरी की लंबी उम्र बनाए रखने में मदद करते हैं.
यह भी पढ़ें: Boat के नए ProClip Earbuds आए बाजार में, देंगे 52 घंटे तक का बैकअप, कितनी है कीमत?
