आज के डिजिटल दौर में आधार कार्ड सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि आपकी कई जरूरी कामों की चाबी बन चुका है. लेकिन एक बात जो लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, वो है इसका अपडेट रहना. सोचिए, अगर आपके आधार में 8-10 साल पुरानी फोटो लगी है और अब आपका लुक काफी बदल चुका है, तो पहचान साबित करने में दिक्कत आ सकती है. ऐसे में समय-समय पर अपनी डिटेल्स, खासकर फोटो अपडेट रखना बेहद जरूरी हो जाता है, ताकि कहीं भी कोई परेशानी न हो.
अगर आपको लगता है कि आपके आधार कार्ड की फोटो बदलनी चाहिए, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. आइए आपको बताते कैसे आप अपनी आधार फोटो को अपडेट कर सकते हैं, ताकि आपका कार्ड भी आपकी लेटेस्ट पहचान दिखाए.
आधार कार्ड का फोटो कैसे अपडेट करें?
अगर आपको अपने आधार कार्ड की फोटो बदलवानी है, तो ये काम घर बैठे ऑनलाइन नहीं होगा. इसके लिए आपको खुद आधार सेवा केंद्र जाना पड़ेगा, क्योंकि वहीं आपकी नई बायोमेट्रिक फोटो ली जाती है. अच्छी बात ये है कि प्रोसेस काफी सिंपल है. बस कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होते हैं और आपकी फोटो अपडेट हो जाती है. आइए जान लेते हैं उन स्टेप्स को.
आधार कार्ड में फोटो अपडेट करवाने का प्रोसेस
- फॉर्म डाउनलोड करें: सबसे पहले UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट (https://uidai.gov.in/) पर जाकर Aadhaar Update Form डाउनलोड कर लें.
- डिटेल्स भरें: अब इस फॉर्म में अपनी सही और लेटेस्ट जानकारी भरें, ताकि बाद में कोई दिक्कत न हो.
- आधार सेवा केंद्र जाएं: फॉर्म भरने के बाद अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर इसे सबमिट कर दें.
- बायोमेट्रिक अपडेट: वहां मौजूद अधिकारी आपकी डिटेल्स वेरिफाई करेंगे, नई फोटो क्लिक करेंगे और फिंगरप्रिंट व आईरिस स्कैन भी कन्फर्म करेंगे.
- फोटो साथ ले जाने की जरूरत नहीं: अच्छी बात ये है कि आपको कोई पासपोर्ट साइज फोटो ले जाने की जरूरत नहीं है. सेंटर पर ही आपकी फोटो क्लिक हो जाती है.
फीस और स्टेटस ट्रैक
अगर आप Aadhaar अपडेट करवाने जा रहे हैं, तो इसके लिए आपको ₹100 की सरकारी फीस देनी होती है, जिसमें आपकी नई फोटो और बाकी बायोमेट्रिक अपडेट शामिल होता है.
प्रोसेस पूरा होने के बाद आपको एक एक्नॉलेजमेंट स्लिप (acknowledgment slip) मिलती है. इसमें एक URN (Update Request Number) होता है. इसी URN की मदद से आप कभी भी ऑनलाइन जाकर अपने अपडेट का स्टेटस आसानी से चेक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Google Maps से तुरंत ढूंढें अपने नजदीकी Aadhaar Centre, जानें आसान तरीका
