केंद्र सरकार मंगलवार को भारत-विस्तार (Bharat-VISTAAR- Virtually Integrated System to Access Agricultural Resources) नाम का एक नया AI बेस्ड प्लेटफॉर्म शुरू करने जा रही है. इसका मकसद किसानों तक खेती से जुड़ी हर जरूरी जानकारी सीधे उनके मोबाइल फोन पर या एक साधारण वॉइस कॉल के जरिए पहुंचाना है. इस योजना की औपचारिक शुरुआत जयपुर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे. आइए इस नए AI प्लेटफार्म के बारे में डिटेल में जानते हैं.
क्या है Bharat-VISTAAR?
Bharat-VISTAAR को 24 घंटे काम करने वाले एक ‘डिजिटल एग्रीकल्चर एक्सपर्ट’ की तरह तैयार किया गया है. किसान इसे दो तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं, जिसमें एक खास हेल्पलाइन नंबर 155261 पर कॉल करना भी शामिल है. इस प्लेटफॉर्म में ‘भारती’ नाम की बातचीत करने वाली AI सहायक होगी. यह किसानों को फसल की योजना बनाने, सही खेती के तरीके अपनाने, कीट-रोग से बचाव, मौसम की जानकारी, मंडी भाव और सरकारी योजनाओं के बारे में समझाएगी. साथ ही, यह बताएगी कि किसी योजना के लिए पात्रता क्या है, आवेदन कैसे करना है और अगर कोई शिकायत हो तो उसे कहां और कैसे दर्ज करना है.
एक ही जगह पर मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
किसानों को अब केंद्र सरकार की करीब 10 अहम योजनाओं की जानकारी एक ही जगह यानी भारत-विस्तार पर मिल सकेगी. इनमें PM-KISAN, PM फसल बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड और PM कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं. सिर्फ योजनाओं की जानकारी ही नहीं, बल्कि मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट और कीट (कीड़ों) के प्रकोप की रियल-टाइम अलर्ट भी किसानों को मिलेगी.
अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाओं का मिलेगा सपोर्ट
शुरुआत में यह प्लेटफॉर्म हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध होगा, लेकिन धीरे-धीरे इसे अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाओं में भी शुरू किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि Bharat-VISTAAR सिर्फ एक ऐप नहीं है, बल्कि यह एक तरह की ‘राष्ट्रीय डिजिटल रीढ़’ है, जो केंद्र और राज्यों की सिस्टम को आपस में जोड़ेगी.
यह सिस्टम गैर-सरकारी संगठनों (NGOs), AI स्टार्टअप्स और सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस के साथ मिलकर काम करेगा. साथ ही यह इंडिया AI मिशन और BHASHINI जैसे बड़े डिजिटल इकोसिस्टम का भी फायदा उठाएगा.
यह भी पढ़ें: Sarvam AI ने लॉन्च किया Sarvam Edge: अब बिना इंटरनेट फोन-लैपटॉप पर चलेगा AI
