संवाददाता, बैरकपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राज्य के तीन जिलों में चार चुनावी रैलियां कीं. उन्होंने उत्तर 24 परगना के जगदल, हुगली के चुंचुड़ा और आरामबाद तथा हावड़ा जिले के सांकराइल में चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम संदेशखाली मामले और बंगाल में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर बरसे. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से लेकर ‘इंडिया गठबंधन’ पर जमकर हमला बोला. साथ ही उन्होंने बंगाल के विकास के लिए गारंटी दी.
जगदल में बैरकपुर के भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह के समर्थन में पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर ‘वोट बैंक’ की राजनीति का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के ‘गुंडे’ दोषियों को बचाने के लिए संदेशखाली की प्रताड़ित महिलाओं को धमकी दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि संदेशखाली में जो हो रहा है, वह पूरा देश देख रहा है. संदेशखाली के गुनहगारों को पहले तृणमूल की पुलिस ने बचाया और अब तृणमूल के गुंडे संदेशखाली की बहनों को डरा-धमका रहे हैं. सिर्फ इसलिए कि अत्याचारी का नाम शेख शाहजहां है. उसके घर से बम, बंदूक निकल रहे हैं लेकिन वोट बैंक के लिए तृणमूल इसे क्लीनचिट दिलवाने में लगी है लेकिन तृणमूल का कोई भी अत्याचारी बच नहीं पायेगा.प्रधानमंत्री ने सभा में अपने भाषण की शुरुआत ‘जय मां दुर्गा’ से की. उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल में अलग ही माहौल है. कुछ अलग ही होने जा रहा है. 2019 की सफलता से कहीं ज्यादा बड़ी सफलता इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिलने जा रही है.
उन्होंने कहा कि पूरा देश जो कह रहा है, बंगाल उसको जोरों से कह रहा है. पूरा बंगाल कह रहा है कि आबार एक बार मोदी सरकार. पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल पूर्वी भारत का बहुत महत्वपूर्ण राज्य है. मोदी ने ठाना है- पूर्वी भारत को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनायेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि आज जो लोग सरकार बनने का सपना देख रहे हैं, उन्होंने 70 साल तक पूर्वी भारत को पिछड़ा छोड़ दिया. आने वाले पांच साल में पूर्वी भारत में नये विकास कार्य को और गति देने वाला समय है. इसके लिए आपका (जनता का) आशीर्वाद चाहिए.उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती, बैरकपुर की धरती इतिहास रचने वाली धरती है. लेकिन, तृणमूल ने इसका क्या हाल कर दिया. एक समय था, जब बंगाल अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में बड़ा योगदान देता था. आज तृणमूल ने इसे घोटाले का गढ़ बना दिया है. एक समय था, जब बंगाल में एक से बढ़कर एक वैज्ञानिक शोध हुआ करते थे. आज तृणमूल के राज में जगह-जगह बम बनाने की होम इंडस्ट्री चल रही है. कभी बंगाल घुसपैठियों के खिलाफ क्रांति करता था, तो आज तृणमूल के संरक्षण में यहां घुसपैठिये फल-फूल रहे हैं.
बंगाल में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया
पीएम ने कहा कि यहां के एक तृणमूल विधायक ने कहा है कि हिंदुओं को भागीरथी में बहा देंगे, सोचिये इतनी हिम्मत, इतना साहस, यह सब किसके सहारे हो रहा है. इन लोगों (तृणमूल) ने बंगाल में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया है. उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या तृणमूल, कांग्रेस और लेफ्ट के हाथों में ये महान देश सौंपा जा सकता है क्या? उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी दलों के इंडी ने वोट बैंक की राजनीति के आगे घुटने टेक दिये हैं. इन दलों के नेता कहते हैं कि मोदी के खिलाफ ‘वोट जिहाद’ करो. वे लोग एससी, एसटी, ओबीसी को मिलने वाला आरक्षण भी छीनना चाहते हैं. वे लोग आरक्षण मुसलमानों को देना चाहते हैं. वह भी थोड़ा सा नहीं, पूरा का पूरा आरक्षण मुसलमानों को मिलना चाहिए. क्या आपको यह बात मंजूर है? क्या यह देश दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों के साथ अन्याय स्वीकार करेगा?सीएए को लेकर भी ममता सरकार पर कटाक्ष
प्रधानमंत्री ने सीएए को लेकर भी तृणमूल पर हमला करते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति में सीएए जैसे मानवता की रक्षा करने वाले कानून को विलेन बना दिया है. सीएए पीड़ितों को नागरिकता देने का कानून है, इससे किसी की नागरिकता नहीं छिनेगी, लेकिन तृणमूल ने इसे भी अपने रंग में रंग दिया. यह लोग विभाजन के पीड़ितों को उनका हक देने का विरोध कर रहे हैं, मतुआ साथियों को नागरिकता देने के खिलाफ और सीएए को खत्म करने की बात कर रहे हैं लेकिन तृणमूल कांग्रेस या इंडी एयरलाइंस डंके की चोट पर सुन ले, बंगाल को पांच गारंटी दे रहा हूं. गारंटी के पूरा होने की गारंटी है.उन्होंने कहा कि इसके लिए बैरकपुर से अर्जुन सिंह जी को भारी मतों से विजयी बनाना है. उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आपको तृणमूल के गुंडों से डरने की जरूरत नहीं है. आपको भारी मतदान करना है. ज्यादा से ज्यादा लोगों से मिलिये, उनके परिवार से कहिये- मोदी जी आये थे. आपको जय श्रीराम कहा है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
