खास बातें
Makhanlal Sarkar BJP Win Reaction: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आये ‘केसरिया तूफान’ ने न केवल सत्ता के समीकरण बदले हैं, बल्कि कई दशकों से संघर्ष कर रहे परिवारों के चेहरों पर मुस्कान भी बिखेरी है. सिलीगुड़ी क्षेत्र के कद्दावर भाजपा नेता और अनुभवी योद्धा माखनलाल सरकार की जीत ने उनके घर में दीपावली जैसा माहौल बना दिया.
माखनलाल की पत्नी की आंखों से छलके खुशी के आंसू
जैसे ही उनकी जीत का औपचारिक ऐलान हुआ, उनकी पत्नी मीनू सरकार की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. उन्होंने इस जीत को केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि अपने पति के 40 साल के कठिन परिश्रम और बलिदान का पुरस्कार बताया है.
हमले हुए, धमकियां मिलीं, लेकिन भाजपा का झंडा नहीं छोड़ा
माखनलाल सरकार का परिवार उस दौर का गवाह रहा है, जब बंगाल में भाजपा का झंडा उठाना किसी चुनौती से कम नहीं था. मीनू सरकार ने कहा- मैंने उन्हें रात-रात भर जागकर संगठन के लिए काम करते देखा है. कई बार उन पर हमले हुए, धमकियां मिलीं, लेकिन वे पीछे नहीं हटे. आज जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है और वे खुद जीतकर आये हैं, तो ऐसा लग रहा है कि हमारा सारा संघर्ष सफल हो गया.
इसे भी पढ़ें : Video: शुभेंदु के शपथ में डॉ श्यामा प्रसाद के अंतिम साथी माखनलाल सरकार, पीएम मोदी ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद
बच्चों को पढ़ाया ‘राष्ट्र प्रथम’ का पाठ
माखनलाल की जीत पर उनके बच्चों ने बताया कि पिता ने हमेशा हमें ‘राष्ट्र प्रथम’ का पाठ पढ़ाया. घर में अभाव रहे, लेकिन उन्होंने कभी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सिलीगुड़ी से कोलकाता तक जीत की गूंज
माखनलाल सरकार की इस जीत को पार्टी के भीतर ‘वफादारी की जीत’ के रूप में देखा जा रहा है. शुभेंदु अधिकारी और पार्टी नेतृत्व ने माखनलाल जैसे पुराने चेहरों पर भरोसा जताया था, जिसका नतीजा सबके सामने है.
भाजपा कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह
सिलीगुड़ी में माखनलाल के आवास के बाहर समर्थकों का भारी जमावड़ा लगा रहा. ढोल-नगाड़ों और गुलाल के बीच समर्थकों ने उन्हें ‘उत्तर बंगाल का मजबूत स्तंभ’ करार दिया. चर्चा है कि माखनलाल सरकार को नयी कैबिनेट में उनकी वरिष्ठता को देखते हुए कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी या विधानसभा में बड़ा पद दिया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : कोलकाता में 207 कमल फूल से हुआ शुभेंदु अधिकारी का महा-स्वागत, सीएम बोले- मोदी मंत्र पर चलेगी बंगाल सरकार
Makhanlal Sarkar BJP Win Reaction: भावुक हुआ पूरा मोहल्ला
सिलीगुड़ी के जिस मोहल्ले में माखनलाल रहते हैं, वहां पड़ोसी भी मीनू सरकार को बधाई देने पहुंचने लगे. लोगों ने कहा कि उन्होंने माखनलाल को साइकिल पर घूम-घूमकर पार्टी का प्रचार करते देखा है. उनकी पत्नी का कहना है कि अब उनकी एक ही इच्छा है कि उनके पति मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ मिलकर बंगाल को अपराध मुक्त और समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें.
पत्नी की आंखों में नये बंगाल की उम्मीदों की चमक
माखनलाल सरकार की यह जीत उन हजारों गुमनाम कार्यकर्ताओं की कहानी है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी. आज उनकी पत्नी की आंखों में जो चमक है, वह नये बंगाल की नयी उम्मीदों का प्रतिबिंब है.
