सिलीगुड़ी : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने बीती रात को गुप्त सूचना के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) स्टेशन के बाहर मुहिम चलाकर ऑटो स्टैंड से एक दंपती को प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार किया है. इनके पास से एसएसबी ने लाल रंग के एक पैकेट से बरामद 211.38 ग्राम ब्राउन सुगर व दो मोबाइल फोन जब्त किया है. एसएसबी ने बरामद ब्राउन सुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रूपये आंका है.
गिरफ्तार दंपती रेखा भट्टाचार्य (37) व उसका पति सुमन भट्टाचार्य (47) का घर सिलीगुड़ी से सटे भक्तिनगर थाना क्षेत्र के लेक टाउन व मिलन पल्ली बताया जा रहा है. मूलरूप से दोनों नदिया जिले के कृष्णनगर के रतनहलदार लेन के कालूपाड़ा स्थित सिद्धेश्वरी मंदिर के पास रहते हैं. खबर की पुष्टि करते हुए
एसएसबी के एसआइजी राजेश काफले ने बताया कि गिरफ्तार दंपती दक्षिण बंगाल से ब्राउन सुगर लेकर रात ट्रेन से एनजेपी स्टेशन पहुंचे. स्टेशन के बाहर ऑटो स्टैंड से दोनों को 7.15 बजे पकड़ लिया गया. दंपती की योजना भारत-नेपाल सीमांत पानीटंकी के रास्ते नेपाल तस्करी की थी. पहले से तय योजना के तहत पानीटंकी में यह पैकेट गिरोह के अन्य गुर्गों को सुपुर्द करना था. जब्त ब्राउन सुगर व दो माबाइल फोन के साथ गिरफ्तार दंपती को एसएसबी ने भोर तीन बजे एनजेपी चौकी की पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस ने शनिवार को दंपती को जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया, जहां न्यायाधीश ने दोनों की जमानत याचिका खारिज कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया. एसएसबी की इस मुहिम पर पुलिस में चर्चा का विषय बना हुआ है और सवालिया निशान खड़ा किया जा रहा है. पुलिस का एक तबका का कहना है कि एसएसबी अपनी सीमाएं लांघ रही है. कोई भी कार्रवायी करने से पहले स्थानीय पुलिस को बगैर सूचित किये ही हरेक गतिविधि में हस्तक्षेप कर रही है.
क्या कहते हैं पुलिस कमिश्नर : एसएसबी के काम करने का दायरा क्या है यह सिलीगुड़ी कमिश्नरेट के पुलिस (सीपी) मनोज वर्मा को मालूम नहीं है. लेकिन वर्मा ने स्वीकार किया कि एसएसबी द्वारा बीती रात को एनजेपी स्टेशन के बाहर चलायी गयी मुहिम की अग्रिम सूचना पुलिस को नहीं दी गयी. दंपती को ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार करने के बाद पुलिस को सूचित किया गया.
क्या कहना है एसएसबी के डीआइजी का : एसएसबी के डीआइजी डीके सिंह ने एनजेपी में की गयी कार्रवायी पर उठाये जा रहे सवाल पर पुलिस कर्मियों को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि देशद्रोहियों के विरूद्ध कार्रवायी करने पर प्रश्न नहीं उठाना उचित नहीं है. वैसे भी एसएसबी ने मुहिम चलाने से पहले एनजेपी चौकी की पुलिस को पहले ही सूचित कर दिया था. पुलिस का जवाब था कि अभी विधानसभा चुनाव के कारण हमारे पास मैन पावर कम है. आप लोग ही गिरफ्तार कर हमारे हवाले कर दें. रात तीन बजे गिरफ्तार दंपती को जब्त ब्राउन सुगर के साथ पुलिस को सौंप दिया गया. ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने कहा कि बड़े बाबू सुबह नौ बजे के बाद आयेंगे, उसके बाद ही आवश्यक कार्रवायी होगी.
