मालदा. लाखों रुपये के जाली नोट के साथ वैष्णव नगर थाने की पुलिस ने दिल्ली के एक कुख्यात सरगना को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को बुधवार देर रात 16 माइल के बाजापति गांव से गिरफ्तार किया. गुरुवार उसे मालदा जिला अदालत में पेश किया गया. न्यायाधीश ने उसे सात दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है.
पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपी का नाम असगर खान (32) बताया गया है. इसके पास से एक लाख पैंतीस हजार रुपये के जाली नोट भी बरामद किये गये हैं. सभी नोट एक-एक हजार रुपये के हैं. इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से एक मोबाइल भी बरामद किया गया है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी दिल्ली से मालदा पहुंचकर भारत-बांग्लादेश सीमांत इलाकों से नकली नोट इकट्ठा कर रहा था. भारत के अन्य राज्यों में इस नकली नोट को फैलाने की योजना थी. असगर के साथ किसी आंतकी संगठन की सांठ-गांठ है कि नहीं और मालदा में उसके साथी कौन-कौन है, पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है.
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि असगर इससे पहले भी कई बार मालदा आ चुका है. मालदा के कालियाचक और वैष्णव नगर के सीमांत इलाकों से नकली नोट लेकर फिर वापस चला जाता था. हमेशा की तरह इस बार भी वह नकली नोट के साथ दिल्ली वापस लौटने के चक्कर में था. पुलिस ने उसकी योजना पूर्ण होने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया. जिला पुलिस अधीक्षक सैयद वकार रजा ने बताया कि आरोपी के विषय में विस्तृत जानकारी के लिये दिल्ली की गांधीनगर पुलिस के साथ संपर्क किया जा रहा है.
