मृतक के परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
संवाददाता, कोलकाता.
दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गयी. मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जतायी है. शिकायत के बाद उक्त मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपी मृतक के परिचित बताये जाते हैं. मृतक की शिनाख्त विशाल साव (25) के रूप में हुई है. वह इलाके में सत्तू बेचने का काम करता था.
दो वर्ष पहले ही उसका विवाह हुआ था. घर पर पत्नी व ढाई महीने की संतान भी है. मृतक के परिजनों का कहना है कि गत बुधवार की रात 10:42 बजे विशाल को उसके परिचित युवक ने फोन करके उसे सुभाष पल्ली मैदान में आने को कहा. उसने विशाल को शराब पीने के लिए वहां आने के लिए कहा था. कथित तौर पर आकाश, राकेश व राहुल नामक युवक विशाल के घर पहुंचे और उसे लेकर वहां से चले गये. हालांकि, विशाल की पत्नी ने रात में घर से बाहर जाने को मना किया था, लेकिन उसने उसकी बात नहीं सुनी. रात करीब एक बजे विशाल के परिजनों को पता चला कि वह संदिग्ध हालात में मैदान में अचेत पड़ा हुआ है. उसे तुरंत सोनारपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सीएनएमसी हॉस्पिटल स्थानांतरित कर दिया गया, जहां गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गयी. मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने के बाद युवक की मौत के सटीक कारण का पता चल पायेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
