आत्महत्या के पहले अपनी बातों की रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
हावड़ा. जेबीपुर थाना अंतर्गत बड़गछिया के गिर्जापुकुर इलाके में कर्ज के बोझ तले युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली. मृतक का नाम राकेश चंद (33) है. घटना की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. खुदकुशी करने के लिए युवक ने अपनी बातें रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. रिकॉर्डिंग में उसने कहा है कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है. वह अपनी जिंदगी समाप्त कर रहा है. उसकी मौत के बाद उसकी मां और बहन पर कोई दबाव नहीं बनायें और दोनों को घर से बाहर नहीं निकालें. युवक ने स्थानीय डॉक्टर काशीनाथ माइती से पांच लाख रुपये उधार लेने की बात कही है. राकेश ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर उससे 25 लाख रुपये मांग रहा था. इस वजह से वह काफी परेशान था. सोशल मीडिया पर युवक का पोस्ट वायरल होने से बाद शुक्रवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा डॉक्टर पर फूट पड़ा. डॉक्टर के घर के सामने लोगों की भीड़ जुट गयी. वहीं, डॉक्टर माइती का कहना है कि राकेश ने उससे रुपये लिये थे और रुपये लेने के पहले उसने स्टैंप पेपर पर हस्ताक्षर भी किया था.
मौके पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
