Kal Ka Mausam West Bengal: पश्चिम बंगाल में मानसून की रफ्तार और तेज होने वाली है. इसके असर से 17 जुलाई को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र कोलकाता ने गुरुवार को इसका अलर्ट जारी किया. स्पेशल बुलेटिन जारी करते हुए मौसम विभाग ने राज्य के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
ओडिशा और बंगाल की ओर बढ़ेगा साइक्लोन
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत होकर उसी क्षेत्र में वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया (Well-marked low pressure area) में तब्दील हो चुका है. इसके साथ ही संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है. अगले 2 दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तरी ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, होगी भारी से बहुत भारी वर्षा
दक्षिण बंगाल में 17 जुलाई को भारी वर्षा और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी. हालांकि, कुछ जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है. किस जिले में कब होगी भारी वर्षा, यहां देखें.
- 16 जुलाई 2026 : पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और दक्षिण 24 परगना जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (07-11 सेमी) होने की संभावना है. इसके साथ ही पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और झारग्राम में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बाकी जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चल सकती हैं.
- 17 जुलाई 2026 : पुरुलिया, बांकुड़ा और झारग्राम जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (07-11 सेमी) का दौर जारी रहेगा. तटीय और पश्चिमी जिलों में 30 से 50 किमी/घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
- 18 से 20 जुलाई 2026 : दक्षिण बंगाल के पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, झारग्राम, बीरभूम और मेदिनीपुर जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, 16, 17, 18, 19 और 20 जुलाई तक रेड अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
उत्तर बंगाल में 18 से 20 जुलाई के बीच मूसलाधार वर्षा का अलर्ट
उत्तर बंगाल के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 18 जुलाई से बारिश की तीव्रता काफी बढ़ जायेगी, ऐसी चेतावनी मौसम विभाग ने दी है. 16 से 20 जुलाई के बीच किस दिन कैसा रहने वाला है मौसम, यहां जान लें.
- 16 और 17 जुलाई 2026 को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा (07-11 सेमी) होगी.
- 18 जुलाई 2026 को जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (07-20 सेमी) की आशंका है. दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार में भारी बारिश (07-11 सेमी) हो सकती है.
- 19 और 20 जुलाई 2026 को जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कलिम्पोंग, कूचबिहार और दार्जिलिंग जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (07-20 सेमी) होने की चेतावनी (ऑरेंज/रेड अलर्ट) दी गयी है.
ये भी पढ़ें: दक्षिण बंगाल के बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान में जमकर बरसा मानसून, जानें कहां कितनी वर्षा हुई
संभावित प्रभाव और सावधानियां
मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के चलते संभावित खतरों के प्रति आगाह किया है.
- निचले इलाकों, शहरी क्षेत्रों और अंडरपास सड़कों पर अस्थायी जलजमाव की समस्या हो सकती है.
- खड़ी फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंचने का खतरा है.
- खुले क्षेत्रों में बिजली गिरने (Lightning strikes) का खतरा रहेगा.
सुरक्षा के सुझाव
तेज वर्षा या वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, पेड़ों व बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें.
ये भी पढ़ें: बंगाल का मौसम : दार्जिलिंग में हुई झमाझम वर्षा, बागडोगरा रहा सबसे गर्म, जानें कोलकाता सहित अपने शहर का हाल
